Kanpur:खंड शिक्षाधिकारियों पर खुद नजर रखेंगे BSA,कहा अब लेट नहीं होगा शिक्षकों का वेतन, भ्रष्टाचारियों की करें शिकायत, बैठक में जमकर लगाई फटकार, देखें शिक्षकों ने क्या लगाए थे BEO पर आरोप
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर के जिला बेसिक शिक्षाधिकारी सुरजीत कुमार सिंह ने शिक्षकों को भरोसा दिया है कि अब उनका वेतन लेट नहीं होगा। वह अब खुद प्रेमनगर और सदर बाजार के खंड शिक्षाधिकारियों के कार्यों पर नजर रखेंगे।
बता दें कि कानपुर नगर के प्रेम नगर, सदर बाजार और कल्याणपुर के तीनों खंड शिक्षाधिकारियों (BEO) की लापरवाही के कारण अगस्त माह का वेतन देर से रिलीज होने का मामला सामने आया था। इसी के साथ प्रेम नगर और सदर बाजार के खंड शिक्षाधिकारियों पर भ्रष्टाचार और लापरवाही का आरोप भी शिक्षकों ने लगाया था। शिक्षकों का कहना था कि पूरे जिले का वेतन समय पर रिलीज हो जाता है लेकिन प्रेम नगर और सदर बाजार का वेतन बिल देर से लेखा में पहुंचने के कारण हर महीने का वेतन उनको देर से मिलता है।
इसी के साथ शिक्षकों ने इन दो खंडों में व्याप्त भ्रष्टाचार की पोल भी खोली थी। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पदाधिकारियों द्वारा बताया गया था कि खंड शिक्षाधिकारी फर्जी तरीके से औचक निरीक्षण करते हैं और शिक्षकों पर देर से स्कूल आने या किसी अन्य कार्य में खामी निकाल कर उनकी अनुपस्थिति दर्ज कर देते हैं। इसके बाद अनुपस्थिति को उपस्थिति में बदलने के लिए मोटी रकम वसूलते हैं।
अगर शिक्षक मुठ्ठी गरम नहीं करता तो वेतन बिल देर से लगाते हैं ताकि शिक्षक किसी न किसी तरह से परेशान हो। वहीं कल्याणपुर का इस बार वेतन बिल इसलिए लेट हुआ था, क्योंकि नए खंड शिक्षाधिकारी ने ज्वाइन किया था। फिलहाल इस पूरे मामले के तूल पकड़ने के बाद ही जिला बेसिक शिक्षाधिकारी (BSA) सुरजीत कुमार सिंह ने तीनों खंडों के खंड शिक्षाधिकारी को तलब कर सख्ती से निर्देश दे दिया है कि अब वेतन बिल देर से लेखा में नहीं पहुंचना चाहिए। इसी के साथ बीएसए ने ये भी कहा है कि अगर शिक्षकों से कोई भी किसी तरह का दबाव बनाता है तो उसकी शिकायत तुरंत करें। कार्यवाही की जाएगी।