Amrit Mahotsav: अमृत महोत्सव पर “हर घर तिरंगा” कार्यक्रम के तहत परिषदीय स्कूलों के बच्चों को 6 दिन के लिए परोसा जाएगा लजीज व्यंजन, देखें लिस्ट, शिक्षकों के लिए DG ने जारी किए कड़े निर्देश, होगी कार्यवाही
लखनऊ। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत देश भर में चलाए जा रहे हर तिरंगा कार्यक्रम के तहत उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए 6 दिन खास होने वाले हैं। क्योंकि इन 6 दिनों तक बच्चों को मिड डे मील के तहत प्रतिदिन बदल-बदल कर लजीज व्यंजन परोसा जाएगा। इस विशेष भोज के तहत बच्चों को क्रमश: हलवा, खीर, लड्डू, बूंदी तथा फल आदि वितरित किए जाएंगे।

प्रदेश भर में इस कार्यक्रम को सरकार ने लागू किया है। इसी के साथ महानिदेशक स्कूल शिक्षा विजय किरन आनन्द ने प्रदेश भर के शिक्षकों को निर्देश दिया गया है कि खाना बनाते वक्त साफ-सफाई का खास ख्याल रखा जाए।
बच्चों को खाना परोसते वक्त भी ध्यान रखा जाए कि किसी तरह की गंदगी आस-पास व स्कूल परिसर में न हो। इसी के साथ यह भी कहा है कि भोजन की गुणवत्ता भी अच्छी होनी चाहिए। साथ ही भोजन सावधानीपूर्वक व ढक कर ही पकाया जाए। किसी भी तरह का लापरवाही व शिकायत सामने आने पर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। वहीं कानपुर के जिला बेसिक शिक्षाधिकारी सुरजीत कुमार सिंह ने जिले के सभी शिक्षकों को निर्देश देते हुए कहा है कि विशेष भोज की व्यवस्था के लिए सभी ग्राम प्रधानों, अध्यापकों, रसोइयों, मां समूह के सदस्यों, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों एवं एनजीओ संचालकों को तत्काल अवगत करा कर इस निर्देश का पालन कड़ाई से कराया जाए। इसी तरह पूरे प्रदेश के जिला बेसिक शिक्षाधिकारियों की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं।