Karachi Blast: जिन्ना हवाई अड्डे के पास हुआ बड़ा विस्फोट… दो चीनी नागरिकों समेत तीन की मौत, 17 से अधिक लोग घायल; इस आतंकवादी संगठन ने ली जिम्मेदारी-Video

October 7, 2024 by No Comments

Share News

Pakistan Blast: पाकिस्तान के कराची में जिन्ना इंटरनेशनल हवाईअड्डे के पास देर रात एक बड़ा विस्फोट होने के बाद हड़कंप मच गया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस धमाके में तीन विदेशी नागरिकों की मौत हुई है और 17 से अधिक लोग घायल हो गए हैं. खबर सामने आ रही है कि मारे जाने वाले लोगों में दो चीनी नागरिक भी शामिल हैं.

चीनी इंजीनियरों के काफिले को बनाया गया निशाना

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विस्फोट की आवाज इतनी तेज थी कि कई इलाकों में इसकी आवाज सुनाई दी. सिंध प्रांत के गृह मंत्री जिया उल हसन लंजर ने आशंका जताई है कि विस्फोट के लिए इप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) का इस्तेमाल किया गया। फिलहाल सभी घायलों को इलाज के लिए जिन्ना अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं चीनी दूतावास ने जानकारी दी है कि घटना स्थानीय समयानुसार 11 बजे हुई। यहां जिन्ना अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के बाहर एक टैंकर में विस्फोट हुआ। विस्फोट सिंध प्रांत में बिजली परियोजना में काम कर रहे चीनी इंजीनियरों के काफिले को निशाना बनाकर किया गया था। घटना के बाद, आतंकवादी समूह बलूचिस्तान नेशनल आर्मी ने हमले की जिम्मेदारी ली।

घटनास्थल पर दिख रही बड़ी-बड़ी लपटें

बता दें कि घटना से सम्बंधिक कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं जिसमें धुआं उड़ता दिख रहा है. इसी के साथ ही घटनास्थल के पास आग की ऊंची लपटें भी दिखाई दे रही हैं. हवाईअड्डे के पास कुछ वाहनों को आग भी लगाई गई. लंजर के हवाले से बताया गया कि विस्फोट विदेशी नागरिकों के वाहनों के पास किया गया था। बयान में कहा गया है कि ‘विस्फोट उस जगह हुआ, जहां बम रोधी दस्ता अपने आगंतुकों का इंतजार करता है और उन्हें गंतव्य तक ले जाता है।’ विस्फोट की आवाज उत्तरी नजीमाबाद और करीमाबाद समेत शहर के विभिन्न हिस्सों में सुनी गई।

टैंकर में आग लगने की कही बात

उप महानिरीक्षक पूर्व अजफर महेसर का एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने कहा, ‘प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक तेल टैंकर में आग लग गई थी, जिसकी वजह से कई अन्य वाहनों में आग लग गई। इससे नुकसान हुआ है।’

चीनी दूतावास ने कही ये बात?

पाकिस्तान में चीनी दूतावास की ओर से एक बयान जारी हुआ है, जिसमें कहा गया है कि ‘छह अक्टूबर को रात लगभग 11 बजे, पोर्ट कासिम इलेक्ट्रिक पावर कंपनी (प्राइवेट) लिमिटेड के चीनी कर्मचारियों को ले जा रहे एक काफिले पर जिन्ना अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास हमला किया गया। इससे दो चीनी नागरिक मारे गए। वहीं एक घायल हुआ है। इसके अलावा, कुछ स्थानीय लोग हताहत हुए हैं.’ इसी के साथ ही ‘पाकिस्तान में चीनी दूतावास और महावाणिज्य दूतावास ने तुरंत एक आपातकालीन योजना शुरू की है, पाकिस्तानी सरकार से हमले की पूरी तरह से जांच करने, अपराधियों को कड़ी सजा देने और पाकिस्तान में चीनी नागरिकों, संस्थानों तथा परियोजनाओं की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक उपाय करने का अनुरोध किया है।’

जारी रहेंगी उड़ानें

पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी (PAA)  के महानिदेशक ने एक बयान जारी कर बताया है कि इस घटना में हवाईअड्डे की इमारतें और संपत्ति सुरक्षित हैं। एयरपोर्ट पर उड़ानों का शेड्यूल सामान्य रूप से जारी है। उन्होंने बचाव कार्यों में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। इसी के साथ उन्होने कहा है कि अधिकारी घटना की जांच जारी रखे हुए हैं और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

ये भी पढ़ें-रामलीला के मंच पर भगवान श्रीराम का किरदार निभा रहे कलाकार की हुई मौत…ये वजह आई सामने-Video