Bharat Ratna: जानें एक साल में कितने लोगों को दिया जा सकता है भारत रत्न, क्या है इसके नियम, पढ़ें पूरी जानकारी

February 10, 2024 by No Comments

Share News

Bharat Ratna: शुक्रवार को भारत सरकार द्वारा एक साथ तीन लोगों को भारत रत्न देने की घोषणा की गई है. देश के दो पूर्व प्रधानमंत्रियों चौधरी चरण सिंह और पीवी नरसिम्हा राव के साथ ही भारत के हरित क्रांति के जनक एमएस स्वामीनाथन को भी भारत रत्न दिए जाने की घोषणा की गई है. तो वहीं भारत सरकार इससे पहले दिग्गज भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को भी भारत रत्न दिए जाने की घोषणा कर चुका है. इसी के साथ ही इस साल पहली बार ऐसा हो रहा है जब एक ही साल में पांच लोगों को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान देने का निर्णय भारत सरकार द्वारा लिया गया है.

जानें क्या है नियम
ये तो सभी जानते हैं कि, भारत रत्न देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान है, जिसे साल 1954 में शुरू किया गया था. नियम के मुताबिक, किसी भी क्षेत्र में किए गए सर्वोत्तम कार्य के सम्मान के लिए भारत रत्न दिया जाता है और केंद्रीय गृह मंत्रालय के मुताबिक इस सम्मान के लिए सभी व्यक्ति जाति, पेशे, पद और लिंग के भेदभाव के बिना पात्र हैं. तो वहीं भारत रत्न के लिए सिफारिश प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रपति को की जाती है। इसके लिए कोई औपचारिक सिफारिश आवश्यक नहीं है.

जानें एक साल में अधिकतम कितने लोगों को दिया जा सकता है भारत रत्न
गृह मंत्रालय ने इस सम्बंध में उल्लेख किया है कि, वार्षिक पुरस्कारों की संख्या एक वर्ष विशेष में अधिकतम तीन तक सीमित है। इस पुरस्कार के प्रदान किए जाने के समय प्राप्तकर्ता को राष्ट्रपति द्वारा हस्ताक्षरित एक सनद (प्रमाणपत्र) और एक प्रतीक चिह्न दिया जाता है। इस पुरस्कार में कोई मौद्रिक अनुदान नहीं दिया जाता।

यहां कर सकते हैं इस सम्मान का जिक्र
संविधान के अनुच्छेद 18(1) के मुताबिक, इस पुरस्कार को प्राप्तकर्ता के नाम के आगे या पीछे उल्लिखित नहीं किया जा सकता। हालांकि, यदि कोई पुरस्कार प्राप्तकर्ता आवश्यक समझता है तो वह अपने जीवनवृत, पत्र शीर्ष या विजिटिंग कार्ड इत्यादि में इसका जिक्र कर सकता है। ऐसे में प्राप्तकर्ता ‘राष्ट्रपति द्वारा भारत रत्न से सम्मानित’ या ‘भारत-रत्न प्राप्तकर्ता’ अभिव्यक्ति का प्रयोग कर सकते हैं।

क्या पहले कभी 3 से अधिक लोगों को दिया गया है भारत रत्न
मिली जानकारी के मुताबिक, अभी तक यानी 2024 से पहले तक कुल 48 लोगों को भारत रत्न से सम्मानित किया जा चुका था। गृह मंत्रालय की वेबसाइट पर इस सम्बंध में जो जानकारी मौजूद है, उसके मुताबिक, साल 1999 में चार लोगों को भारत रत्न दिया गया था। इनमें जयप्रकाश नारायण (मरणोपरांत), प्रोफेसर अमर्त्य सेन, गोपीनाथ बोरदोलोई (मरणोपरांत) और पंडित रवि शंकर का नाम शामिल था, लेकिन इस बार यह पहली बार है जब एक साल में पांच लोगों को देश का सर्वोच्च सम्मान दिए जाने की घोषणा की गई है.