Kumbh Mela-2025: कुंभ मेले के लिए चलेंगी 992 स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों को मिलेंगी ये सुविधाएं

September 30, 2024 by No Comments

Share News

Kumbh Mela 2025: दुनिया भर में सबसे बड़े धार्मिक समागम के रूप में पहचाने जाने वाले कुंभ मेले के लिए रेलवे भी अपनी तैयारी में लगा हुआ है ताकि मेले तक पहुंचने में श्रद्धालुओं को किसी तरह की समस्या का सामना न करना पड़े. मालूम हो कि आने वाले साल यानी 2025 में 12 जनवरी से प्रयागराज में कुंभ मेले का आयोजन होगा. अनुमान है कि इसमें 30 करोड़ से 50 करोड़ श्रद्धालु जुटेंगे.

कुम्भ मेले को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मीडिया को जानकारी दी है कि कुंभ मेला 2025 के लिए भारतीय रेलवे रिकॉर्ड संख्या में ट्रेनें, एडवांस्ड ट्रैक और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं देने के लिए तैयार है. तो वहीं रेलवे ने बताया है कि इसके लिए रेलवे कुल 992 स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगा और कुल ट्रेन सुविधाओं और यात्री सुविधाओं के लिए 933 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर तैयारी को लेकर जानकारी साझा की है. उन्होंने बताया है कि यात्री सुविधा कार्यों के लिए कुल 495 करोड़ रुपये की लागत के साथ कई अलग-अलग सुविधाएं लागू की जाएंगी. यात्री सुविधाओं के लिए टिकटिंग कैपिसिटी को कई गुना बढ़ाया गया है और कई सुविधाओं पर खास ध्यान दिया जा रहा है.

 

ये मिलेगी सुविधा और इस तरह होगी सुरक्षा

यात्री शेल्टर्स के साथ ही बिजली, सुरक्षा, CCTV की व्यवस्था रहेगी तो वहीं पानी की सप्लाई और शौचालय की सुविधा, एक्जीक्यूटिव लाउंज और अस्पताल विस्तार, सर्कुलेटिंग एरिया में सुधार, ऑन ड्यूटी कर्मचारियों के लिए रहने की व्यवस्था, रेलवे परिसर में बाउंड्री निर्माण.

रेल मंत्री ने ये भी दी जानकारी

रेल मंत्री ने एक्स पर जानकारी पोस्ट करते हुए कहा कि 12 जनवरी 2025 से 28 फरवरी 2025 तक चलने वाले कुंभ मेले आने वाले श्रद्धालुओं के लिए स्पेशल ट्रेनें और यात्री सुविधाएं शुरू की जाएंगी. इसकी महत्वपूर्ण तारीखें ये हैं-

पौष पूर्णिमा: 13 जनवरी 2025
मकर संक्रांति: 14 जनवरी 2025
मौनी अमावस्या: 29 जनवरी 2025 को (5-6 करोड़ श्रद्धालु) आने का अनुमान है.
बसंत पंचमी: 3 फरवरी 2025
माघी पूर्णिमा: 12 फरवरी 2025
महाशिवरात्रि: 26 फरवरी 2025

किए जा रहे हैं ये प्रयास भी

रेल मंत्री ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया है कि 3700 करोड़ रुपये की लागत से प्रयागराज डिवीजन और इससे जुड़े आसपास के स्थानों के रेलवे ट्रैक की डबलिंग की जा रही है. ताकि कुंभ मेले के दौरान और मेले के पीक सीजन में ट्रेन सुविधाएं सुचारू रूप से चलती रहें. उन्होंने ये भी जानकारी दी है कि 440 करोड़ रुपये की लागत से रोड ओवरब्रिज का निर्माण करने के लिए मंजूरी दी जा चुकी है. 495 करोड़ रुपये के जरिए कई ईनीशिएटिव लिए जा रहे हैं जैसे कि रोड रिपेयर्स, सीसीटीवी कैमरे लगवाए जा रहे हैं. इसके अलावा प्रयागराज आने वाले यात्रियों के रुकने की व्यवस्था वाली यूनिट्स, वेटिंग रूम और मेडिकल सुविधाएं सभी कुछ मुहैया कराए जाने का बंदोबस्त किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें-पाकिस्तान में घुसकर लिया था शहीद साथियों का बदला, हाथ मलता रह गया था पाकिस्तान; जब भारतीय सेना ने की थी सर्जिकल स्ट्राइक…