Lucknow: वर्चस्व के लिए भिड़े छात्रों में LPS के स्टुडेंट की मौत, मां का रो-रोकर बुरा हाल, कहा “बड़े लोगों के बेटों ने मेरे बेटे को छीन लिया”, देखें पिता से क्या कहा था मृतक छात्र ने

November 27, 2022 by No Comments

Share News

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शनिवार को वर्चस्व के लिए भिड़े छात्रों में LPS के कक्षा 12 के छात्र अंश की मौत हो गई है। इस मामले में खबर सामने आ रही है कि छात्रों के दो गुटों में विवाद वर्चस्व को लेकर हुआ था। मौत से पहले अंश ने पिता से कहा था कि वह किसी से झगड़ा नहीं करता है। लेकिन, अगर कोई उससे उलझेगा तो वो भी उसे नहीं छोड़ेगा।

इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया है और मामले की तह तक जाने के लिए पूछताछ में जुटी है। वहीं, छात्र की मौत के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है। मां ने कहा कि हत्यारोपियों को एक अधिकारी बचा रहा है। पुलिस शांत क्यों है। मुझे तो बस न्याय चाहिए।” उधर, पुलिस ने तीन छात्रों पर हत्या की FIR दर्ज कर ली है। इसमें से एक के पिता डीजी को-आपरेटिव के फॉलोवर बताए जा रहे हैं।

जानें क्या है मामला
मीडिया सूत्रों के मुताबिक 26 नवंबर की दोपहर कठौता के LPS का 12वीं का छात्र पुनीत तिवारी उर्फ अंश विभव खंड में रायल माउंट एकेडमी के बाहर दोस्त के साथ खड़ा था। स्कूल की छुट्टी होते ही अचानक छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। इस दौरान एक गुट ने अंश को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। हालांकि अंश के साथी उसे लोहिया अस्पताल लेकर गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मां का हुआ बुरा हाल
मीडिया सूत्रों के मुताबिक परिजन अंश का पोस्टमार्टम होने के बाद शव लेकर पैतृक गांव गौंडा करनैलगंज के गांव रुदौलिया लेकर चले गए। जहां बेटे का शव देखकर मां का रो-रोकर कर बुरा हाल हो गया है। वह यही कह रही थी कि बड़ा बेटा मानिसक तौर पर स्वस्थ नहीं है। वहीं दूसरे को बड़े लोगों के बेटों ने छीन लिया। परिजनों ने अंतिम संस्कार के बाद घटना से जुड़े सवालों पर बात करने के लिए कहा है। परिजनों का कहना है कि हमको सिर्फ न्याय चाहिए। जो भी दोषी हो उसको जेल जाना चाहिए।

जानें क्या कहा हत्यारोपियों के परिजन
अंश के बाबा नंद किशोर की तहरीर पर पुलिस ने माउंट रॉयल स्कूल में इंटर में पढ़ने वाले शिवम, सिमरा स्थित आरवी पब्लिक स्कूल के इंटर के छात्र श्वाशत और अभय सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी शिवम की मां अनीता के मुताबिक उसके पिता हरपाल सिंह यादव डीजी को-आपरेटिव सेल जीएल मीणा के फॉलोवर हैं। घटना के वक्त बेटा घर में था और एक दिन पहले दोस्त नीरज के साथ सीबीसीआईडी में तैनात बाबू की बहन की शादी में गया था। तो वहीं दूसरे आरोपी श्वाश्वत की मां सुमन अवस्थी के का कहना है कि उसके पति प्रमोद अवस्थी पिकअप चलाते हैं। घटना के वक्त उनका भी बेटा शादी में गया था। पुलिस उनके बड़े बेटे आदित्य को भी बैठा लिया है।

कौन है अभय
मिली जानकारी के मुताबिक जो छात्र लड़ रहे थे, ये सभी आपस में दोस्त थे। घटना की जानकारी होते ही खुद सभी लोहिया अस्पताल पहुंचे थे। तीसरा आरोपी अभय कौन है उसको यह लोग नहीं जानते।

देखें क्या बोले प्रत्यक्षदर्शी
माउंट रॉयल स्कूल के पास रहने वाले लोगों ने बताया कि ‘मारो-मारो का शोर सुनकर घर के बाहर निकले तो देखा छात्र आपस में मारपीट कर रहे थे। एक गुट दूसरे गुट को दौड़ाकर पीट रहा था। कुछ छात्र गमला लेकर हमलावर थे। इसी बीच एक छात्र ट्रांसफार्मर के पास गिर गया। उसके गिरते ही कुछ छात्र भाग गए। छात्र बेसुध था। इसी बीच कुछ छात्र उसको बुलेट पर बैठाकर चले गए। रात को पुलिस आई तो पता चला कि बेहोश होकर गिरने वाले छात्र की मौत हो गई। स्कूल होने के चलते इस तरह की कई बार मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं।”

वहीं एक और शख्स ने बताया कि वह भी शोर सुनकर घर से निकले तो देखा कि कुछ छात्र एक लड़के पर घरों के बाहर रखे गमले से हमला कर रहे थे। इसके बाद वो भागने लगे। उनके पीछे पिटने वाला छात्र भी भागा, लेकिन कुछ दूर जाकर वो बालू पर गिर पड़ा। स्कूल के टीचर भी बीच बचाव करने आए थे लेकिन कुछ देर में वो लौट गए। पुलिस देर रात तक आस-पास के सीसीटीवी चेक करती रही। लोगों से भी पूछताछ की।’ इसी के साथ प्रत्यक्षदर्शियों ने मीडिया को ये भी जानकारी दी कि ”चार-पांच बुलेट से अंश के साथी आए थे। अंश एक गमछा वाले युवक के साथ आया था, जो देखने में छात्र नहीं लग रहा था। मारपीट के दौरान वह मौजूद था। घटना के बाद वही अंश को अपने साथ अस्पताल ले कर गया था।

देखें पिता से अंतिम बार क्या कहा था अंश ने
अंश की मौत से पिता शंकराचार्य का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि “मैंने अपना होनहार बेटा खो दिया। बच्चों के वर्चस्व की लड़ाई ने बेटे की जान ले ली। कुछ दिन पहले हुए विवाद में पुलिस सक्रियता दिखाती तो ये दिन नहीं देखना पड़ता। पिता ने बताया कि अंश ने पिता से कहा था कि कोई लड़ेगा तो मैं भी शांत नहीं रहूंगा। इसी के साथ पिता ने ये भी बताया कि उन्होंने पहले लड़ाई के बाद बेटे को समझाया था। लड़ाई होने पर स्कूल न जाने की नसीहत दी थी। इस पर बेटे ने न लड़ने का भरोसा दिलाया था। उसने कहा था कि मैं झगड़ा नहीं करता हूं, लेकिन अगर कोई मुझसे उलझेगा और मारपीट करेगा तो मैं भी उसको नहीं छोड़ूंगा।”

शंकराचार्य बाराबंकी RTO में करते हैं काम
बता दें कि अंश चिनहट सेमरा में रहता था। उसके पिता शंकराचार्य तिवारी बाराबंकी आरटीओ के प्रवर्तन दस्ते में सिपाही हैं। अंश शनिवार सुबह घर से निकला था, लेकिन वो स्कूल नहीं पहुंचा था। अंश की मां ममता ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे उन्हें पति के फोन पर घटना की जानकारी हुई। इसी के बाद वह लोहिया अस्पताल पहुंची। यहां आकर देखा बेटा अंश हम सबको छोड़कर जा चुका था। इस पूरे मामले में पुलिस गमछा वाले शख्स की तलाश कर रही है, जिसके साथ अंश घटनास्थल पर पहुंचा था।

तीन छात्रों पर दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा
पूरे मामले पर डीसीपी प्राची सिंह ने बताया कि आरोपी छात्र अभय, शिवम और शाश्वत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तीनों इंटर के छात्र हैं। दो आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। एक के विषय में जानकारी की जा रही है। किसी के पिता आईएएस नहीं है। यदि शिकायत करते तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होती। पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्य और बयान जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।