Lucknow: बेटी के विवाह के दिन ही किसान पिता ने दी जान, शाम को आने वाली थी बारात, सुबह फंदे से लटका मिला शव, बड़ी वजह आई सामने
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज के टिकरा गांव में रविवार को हुई ह्रदयविदारक घटना में इलाकाई लोगों को दिल दहल गया। यहां 55 वर्षीय किसान सुनील द्विवेदी ने बेटी के विवाह के दिन ही आत्महत्या कर ली। शाम को बेटी की बारात आने वाली थी, इससे पहले ही सुबह घर के पिछले हिस्से में बने पशुवाड़े में सुनील का शव फंदे से लटका मिला। खुशियों वाले घर में घटना के बाद कोहराम मच गया।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक सुनील द्विवेदी खेती-किसानी करते थे। रविवार शाम को उनकी बेटी की बारात आने वाली थी। घर के सभी लोग बारात के स्वागत के लिए भंडारखाने से लेकर जनवासे की व्यवस्थाओं की तैयारी में लगे थे। कोई लाइट की व्यवस्था कर रहा था तो कोई कैटरिंग आदि की।
जब सुनील करीब नौ बजे तक घर के किसी सदस्य को नहीं देखे तो घरवालों ने खोजबीन शुरू की। इसी बीच कोई घर के पीछे बने पशुवाड़े की तरफ गया तो देखा कि कुंडे से गमछे के सहारे सुनील का शव फंदे से लटका हुआ है। इसके बाद पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई। आनन- फानन में रिश्तेदारों और घरवालों ने सुनील को फंदे से उतारा अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर मोहनलालगंज कुलदीप दुबे ने बताया कि सुनील शराब के लती थे। शनिवार रात भी नशे में थे। उनका एक रिश्तेदार से इस बात को लेकर विवाद हुआ था। घरवालों ने समझाया कि बेटी की शादी है कम से कम अब तो शराब मत पियो। इसी के बाद सुनील जाकर सो गए और सुबह उनका शव फंदे से लटका मिला।