Lucknow: 45 वर्षीय महिला का दिल आया 24 साल के युवक पर, घरवाले नहीं माने तो पुलिस ने कराया विवाह, दूल्हन के तीन बड़े-बड़े हैं बच्चे, एक की उम्र है दूल्हे के बराबर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद से एक रोचक खबर सामने आ रही है। यहां के रहीमाबाद के एक गांव में 45 वर्षीय महिला और 24 साल के युवक के बीच प्रेम सम्बंध थे और दोनों शादी के लिए भी तैयार थे, लेकिन घरवाले नहीं मान रहे थे। इस पर प्रेमी जोड़ा सीधा थाने पहुंचा और गुहार लगाई तो पुलिस ने अपनी पूरी जिम्मेदारी निभाते हुए दोनों का विवाह मंदिर में कराया। हालांकि इस दौरान दोनों के घरवाले भी मौजूद रहे। पुलिस ने परिजनों को मामले की गम्भीरता को लेकर समझाया था।
मिली जानकारी के मुताबिक मुन्नी देवी (45) और मनोज कुमार (24) निवासी ग्राम सुरगौला थाना रहीमाबाद जनपद लखनऊ दोनों का प्रेम प्रसंग कई वर्षों से चल रहा था। इस बीच मुन्नी ने मनोज से विवाह करने की बात कही तो लड़के के परिजनों ने शादी से इंकार कर दिया। इसलिए हताश होकर मुन्नी देवी शनिवार को थाने पहुंची और प्रार्थना पत्र दिया और प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ गईं। महिला को काफी समझाया गया लेकिन वह नहीं मानी।
महिला के पहले पति की मौत 15 वर्ष पहले हो चुकी थी। महिला की लड़की की उम्र 23 है, जबकि बड़े लड़के की 18 और दूसरा लड़का 15 वर्ष का है। महिला नहीं मानी तो पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों को समझाया। कई घंटे तक चली वार्ता आरोप-प्रत्यारोप के बाद दोनों पक्ष शादी के लिए राजी हो गए। फिर क्या था थाने में ही बने मन्दिर में प्रेमी जोड़े की रीति रिवाज के साथ शादी करवाई गई। थाना परिसर को सजाया गया जयमाल करवाया गया नाश्ता पानी का इंतजाम भी किया गया। इस शादी में पुलिसकर्मी ही घराती और बराती दोनों थे। शादी में पुलिस वालों ने कन्यादान भी किया। एसओ कुलदीप सिंह ने बताया कि आपसी सहमति के आधार पर थाना परिसर के शिव मंदिर पर मुन्नी और मनोज की हिन्दू रीति रिवाज के साथ शादी हुई।