Lucknow News: फर्नीचर व्यापारी पर बाइक सवार ने की फायरिंग, लगी चार गोलियां, हालत गम्भीर, देखें क्या है मामला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इंदिरा नगर थाना क्षेत्र में पिकनिक स्पॉट रोड पर बाइक से आये बदमाशों ने स्कूटी सवार फर्नीचर व्यापारी शाहिद पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सोमवार देर रात हुई घटना में चार गोली लगते ही शाहिद लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
राहगीरों की सूचना पर वहां पहुंची पुलिस ने उसे लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया जहां हालत गम्भीर देखते हुये उसे ट्रॉमा सेन्टर भेज दिया गया। शुरुआती पड़ताल में हमले की वजह पुरानी रंजिश बतायी जा रही है। इसके अलावा कई बिन्दुओं पर पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने आस पास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं।
पूरे मामले को लेकर इंस्पेक्टर इंदिरा नगर छत्रपाल सिंह के मुताबिक गाजीपुर के जुगौली में शाहिद परिवार के साथ रहता है। उसकी फर्नीचर की दुकान है। साथ ही वह यू टयूब चैनल भी चलाता है। सोमवार रात वह चांदन गांव में अपने दोस्त से मिलकर लौट रहा था। रात करीब सवा 12 बजे बाइक सवार युवकों ने उसे ओवरटेक कर रोक लिया। शाहीद कुछ समझ पाता, इससे पहले ही उस पर बाइक सवार ने गोलियां दाग दी।
पूरी घटना को लेकर पुलिस ने बताया कि बदमाशों ने उस पर कई राउण्ड गोलियां चलायी। इसमें चार गोली उसे सिर, गर्दन और सीने में लगी है। राहगीरों ने उसे खून से लथपथ सड़क पर पड़े देखा तो पुलिस को सूचना दी। वहीं पर उसकी स्कूटी भी पड़ी मिली। शाहीद की पहचान पर्स में रखे कागज से हुई है। एडीसीपी ने बताया कि खुर्रमनगर से चांदन गांव के बीच लगे सारे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।