Lucknow News: एक्सिस बैंक के सीनियर मैनेजर पर महिला कर्मी ने लगाया रेप का आरोप, किया था शादी का वादा

November 22, 2022 by No Comments

Share News

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में स्थित एक्सिस बैंक के सीनियर मैनेजर पर एक महिला कर्मी ने शादी का झांसा देकर रेप करने का आरोप लगाया है। महिला कर्मी ने गोरखपुर के एक होटल में रेप करने का आरोप मैनेजर पर लगाया है। फिलहाल पीड़िता की शिकायत पर गोमतीनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इसी के साथ पुलिस केस को गोरखपुर ट्रांसफर करने की बात कह रही है।

मीडिया सूत्रों के मुताबिक यहां के त्रिवेणीनगर तृतीय इलाके में एक युवती अपने परिवार संग रहती है। वह गोमतीनगर स्थित एक्सिस बैंक में बतौर टेली कॉलर काम करती है। एक्सिस बैंक में ही आकर्षण दीक्षित बतौर सीनियर मैनेजर कार्यरत हैं। पीड़िता का आरोप है कि आकर्षण दीक्षित ने उसको प्यार के जाल में फंसाया और शादी का झांसा दिया। इसके बाद उसने उसके साथ शारीरिक शोषण भी किया।

पीड़िता का आरोप है कि अक्टूबर महीने में वह गोरखपुर जा रही थी। इस पर आकर्षण दीक्षित ने भी साथ चलने की बात रखी और दोनों लोग साथ गोरखपुर गए। पीड़िता का आरोप है कि गोरखपुर के बबीना होटल में आकर्षण दीक्षित ने उसके साथ रेप किया और विरोध करने पर उसको धमकाया और शादी से भी इंकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने गोमतीनगर थाने में बैंक के सीनियर मैनेजर आकर्षण दीक्षित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। मामले की विवेचना एसएसआई सतीश कुमार सिंह कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि घटनास्थल गोरखपुर का है। रिपोर्ट दर्ज कर केस को आगे की जांच के लिए गोरखपुर ट्रांसफर किया जाएगा।