Lucknow: दादी को पोते ने काट डाला कुल्हाड़ी से, पिता पर भी किए कई वार, बड़ी वजह आई सामने
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सनसनी खेज मामला सामने आया है। यहां निगोहां थाना क्षेत्र के करनपुर गांव में पोते ने दादी को कुल्हाड़ी से काट डाला। बताया जा रहा है कि पिता से रुपयों के लेन देन को लेकर आपस में झगड़ा हो रहा था, इसी बीच दादी बीच-बचाव करने पहुंची तो नशे में धुत युवक ने उनको कुल्हाड़ी से काट डाला। जबकि, पिता पर कुल्हाड़ी से कई वार किए, जिससे पिता बुरी तरह लहूलुहान हो गए। घटना को अंजाम देकर आरोपित फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घायल पिता का इलाज चल रहा है।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक करनपुर गांव निवासी सुरेश कुमार के पिता रेलवे में कर्मचारी थे, जिनकी मौत के बाद सुरेश कुमार मां शीतला देवी के साथ गांव के बाहर मकान बनवाकर रहते थे। गांव के मकान में सुरेश की पत्नी अनीता अपने बड़े बेटे मनीष और बहू के साथ रहती हैं, जबकि, सुरेश का छोटा बेटा अनीश अपनी ससुराल में रहता था।
अनीश नशे का आदी था। दादी शीतला देवी ने दोनों पोतों मनीष और अनीश को अलग-अलग ट्रैक्टर खरीदकर दिया था। बताया जा रहा है कि रविवार को अनीश नशे में धुत होकर ट्रैक्टर की आमदनी को लेकर पिता सुरेश से झगड़ा कर बैठा। इस पर दादी शीतला देवी (67) बीच-बचाव करने लगी, जिससे गुस्साए अनीश ने बगल में रखी कुल्हाड़ी से दादी को काट डाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने खून से लथपथ शीतवा देवी को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। हालांकि पुलिस ने कुछ ही घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूरे मामले को लेकर राहुल राज, पुलिस उपायुक्त दक्षिणी, ने बताया कि रुपयों के लेन-देन को लेकर अनीश और उसके पिता सुरेश से विवाद हो रहा था। बचाव कर रही दादी शीतला देवी को आरोपी ने कुल्हाड़ी से काट डाला। पुलिस ने हत्यारोपी को कुछ ही घंटे में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।