Lucknow: छोटी बहन के प्रेम सम्बंध से बौखलाया भाई, हत्या कर शव को घर में ही किया दफन, ऊपर से बिछा दी ईंट, जानें कैसे खुला मामला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सीतापुर रोड पर सैरपुर इलाके में शनिवार रात हुई रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई। एक युवक ने अपनी छोटी बहन की गला घोटकर हत्या कर दी और शव को घर के अंदर ही कमरे में दफना कर गड्ढा पाट दिया व उसके ऊपर ईंट बिछा दी। फिर भी उसका पाप छुप नहीं सका और गोपनीय फोन की सूचना पर रविवार रात पुलिस ने घर पर छापेमारी कर सर्च आपरेशन चलाया व कमरे से शव बरामद कर लिया।
फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस आरोपित को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। पूछताछ में सामने आया है कि युवक ने अवैध संबंधों के शक में बहन को मारा था। बताया जा रहा है कि वह किसी से अकसर मिला करती थी और फोन पर घंटों बात करती थी, जिसका विरोध भाई करता था। इसी बात को लेकर दोनों में अक्सर झगड़ा होता रहता था। इंस्पेक्टर सैरपुर सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि रविवार रात पुलिस कंट्रोल रूम पर एक गोपनीय फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि सैरपुर के एक गांव में युवक ने अपनी बहन की हत्या कर शव घर में दफना दिया है। इस सूचना पर थाने की पुलिस टीम पहुंची, लेकिन घर बंद मिला।
इस पर पुलिस ने ग्रामीणों के सामने घर का ताला तोड़कर वीडियो ग्राफी कराई। पुलिस टीम अंदर पहुंची और फिर सर्च आपरेशन चलाया गया। आपरेशन में पुलिस ने एक कमरे में एक स्थान पर ताजा ईंट बिछी देखी। उसे हटाया गया तो खुदाई की हुई जगह मिली। पुलिस टीम और मजदूरों की मदद से मौके की खुदाई कराई गई। कमरे में ही युवती का शव रिकवर हो गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
कमलापुर चौकी प्रभारी की तहरीर पर युवती के आरोपित भाई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में पता चला कि बीते पांच साल पहले युवक के माता-पिता की मौत हो चुकी थी। इसके बाद वह अपनी बहन के साथ रहता था। बहन फोन पर एक युवक से बात करती थी। इसका वह विरोध करता था। दो दिन पहले युवती अपने प्रेमी से मिलकर भी आई थी। इस पर दोनों में झगड़ा हुआ था और इसी के बाद उसने बहन को मारने का प्लान बना लिया और फिर हत्या कर दी।
रात भर हुई खुदाई
खुदाई को लेकर इंस्पेक्टर ने बताया कि युवक ने गमछे से गला कसकर बहन की हत्या की थी। शव जब निकाला गया तो युवती के गले में गमछा बंधा था। इंस्पेक्टर के मुताबिक पुलिस टीम और दो मजदूरों ने रात भर कमरे में खुदाई की थी। युवक ने काफी गहरा गड्ढा खोदकर उसमें शव दफनाया था।