Lucknow University: 9 बीटेक छात्रों को रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड एवं सोलरस्क्वेयर में मिला शानदार मौका
Lucknow University: लखनऊ विश्वविद्यालय के केंद्रीय प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित प्लेसमेंट ड्राइव में अभियांत्रिकी संकाय के अंतिम वर्ष (बैच 2025) के बी.टेक के 9 छात्रों का कैंपस प्लेसमेंट रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड और सोलरस्क्वेयर जैसी फेमस कम्पनियों में हुआ है।
केंद्रीय प्लेसमेंट सेल के एडिशनल डायरेक्टर डॉ. हिमांशु पांडेय ने बताया कि रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड में बी.टेक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के छात्र सात्विक यादव का चयन ग्रेजुएट इंजीनियर ट्रेनी पद पर ₹7.5 लाख वार्षिक पैकेज पर हुआ है। तो वहीं सोलरस्क्वेयर कंपनी में प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर पद पर बी.टेक मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्रों प्रियांश पाल और प्रगत सिंह तथा बी.टेक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के छात्रों अक़ील रब्बानी, अभिनंदन पांडेय, मुदित मेहरोत्रा एवं ईशान उपाध्याय का चयन हुआ है। इसके अलावा, क्यूएचएसई इंजीनियर पद पर बी.टेक मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्रों अनुज कुमार पांडेय एवं जागृत प्रताप सिंह को भी कंपनी द्वारा नियुक्त किया गया है। सोलरस्क्वेयर द्वारा चयनित सभी छात्रों को ₹3 लाख वार्षिक का पैकेज ऑफर किया गया है।
कुलपति ने दी बधाई
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय, अभियांत्रिकी संकाय के डीन प्रो. ए. के. सिंह, तथा केंद्रीय प्लेसमेंट सेल के निदेशक प्रो. अनूप कुमार भारतीय ने चयनित छात्रों को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस खास मौके पर कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने अपने संदेश में कहा कि छात्रों की यह सफलता इस बात की पुष्टि करती है कि अगर स्पष्ट लक्ष्य, समर्पण, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास हो, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। मैं चाहता हूं कि छात्र इस सफलता को एक शुरुआत मानें और निरंतर सीखते हुए आगे बढ़ें, क्योंकि आपकी उपलब्धियां भविष्य में न केवल आपके परिवार को, बल्कि इस विश्वविद्यालय, समाज और राष्ट्र को भी गौरवान्वित करेंगी।
ये भी पढ़ें-Chitrakoot: अवैध तमंचों के साथ दबंगों का अश्लील डांस वायरल… Video सामने आने के बाद जांच में जुटी पुलिस