Lucknow University: LU के 9 विद्यार्थियों का इन बड़ी कम्पनियों में हुआ कैंपस प्लेसमेंट…इतना मिला पैकेज

September 7, 2026 by No Comments

Share News

Lucknow University: लखनऊ विश्वविद्यालय (LU) के द्वितीय परिसर स्थित ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में अभियांत्रिकी संकाय के 9 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है। इनमें अस्मादिया टेक्नोलॉजीस में 5 विद्यार्थियों तथा डालमिया सीमेंट (भारत) लिमिटेड में 4 विद्यार्थियों का चयन हुआ है।

विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जे. पी. सैनी एवं द्वितीय परिसर के प्लेसमेंट सेल के चेयरमैन प्रो. एस. पी. सिंह ने चयनित विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की।

प्लेसमेंट सेल (द्वितीय परिसर) के वाइस चेयरमैन डॉ. हिमांशु पाण्डेय ने मीडिया को बताया कि अस्मादिया टेक्नोलॉजीस एवं डालमिया सीमेंट (भारत) लिमिटेड की चयन प्रक्रियाओं में एप्टीट्यूड टेस्ट एवं तकनीकी साक्षात्कार के विभिन्न चरण आयोजित किए गए। इन प्रक्रियाओं में विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा, तकनीकी दक्षता एवं रोजगारपरक कौशल का प्रभावी प्रदर्शन किया।

अस्मादिया टेक्नोलॉजीस में बी.टेक. (CSE-AI) के विद्यार्थी आदर्श बघेल एवं अक्षय मिश्रा, एमसीए के विद्यार्थी प्रबल श्रीवास्तव तथा बी.टेक. (CSE) के विद्यार्थी वेंकटेश का चयन सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट इंजीनियर ट्रेनी के पद पर हुआ है। इन चयनित विद्यार्थियों को ₹3.60 लाख वार्षिक (सीटीसी) का पैकेज प्रदान किया जाएगा। वहीं, बी.टेक. (सीएसई) के विद्यार्थी अभिनव सिंह का चयन सॉफ्टवेयर डेवलपर इंटर्न के रूप में हुआ है।

इसी क्रम में डालमिया सीमेंट (भारत) लिमिटेड में बी.टेक. (सिविल इंजीनियरिंग), 2026 बैच के चार विद्यार्थियों—उत्कर्ष दुबे, हर्ष वर्धन सिंह, ऋषभ सिंह एवं फैसल अंसारी—का चयन टेक्निकल सर्विसेज ट्रेनी के पद पर हुआ है। चयनित विद्यार्थियों को ₹5.00 लाख वार्षिक (सीटीसी) का पैकेज प्रदान किया जाएगा।

ये भी पढ़ें-जनवरी की सही स्पेलिंग नहीं लिख सकी सरकारी टीचर…Video वायरल