Lucknow University: प्रवासी भारतीयों के बारे में जानना है तो लखनऊ विश्वविद्यालय पहुंचें…लगाई गई प्रदर्शनी
Lucknow University: प्रवासी भारतीयों की उपलब्धियों का उत्सव मनाने के लिए प्रवासी भारतीय दिवस के अवसर पर आज लखनऊ विश्वविद्यालय के पाश्चात्य इतिहास विभाग में आज एक प्रदर्शनी आयोजित की गई।
प्रदर्शनी का विषय प्रवासी भारतीयों की शक्ति’ था। प्रदर्शनी का उद्घाटन दोपहर 12 बजे कला संकायाध्यक्ष प्रो.अरविंद मोहन ने किया। प्रदर्शनी देखने वालों को पाश्चात्य इतिहास विभाग के शोधार्थियों ने प्रदर्शनी की विभिन्न स्लाइडों का महत्व समझाया। पाश्चात्य इतिहास विभाग की हेड प्रो. अमिता सोनकर और प्रदर्शनी की क्यूरेटर प्रोफेसर अर्चना तिवारी ने अन्य विभागों के संकाय सदस्यों का स्वागत किया। संबंधित महाविद्यालयों के शिक्षकों ने भी प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
इन स्लाइडों में मॉरीशस, अमेरिका और कनाडा में भारतीय मूल के राजनेताओं की तस्वीरें, भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कई देशों में भारतीय प्रवासियों के साथ बातचीत, अन्य देशों के डाक टिकटों पर भारतीय हस्तियों की तस्वीरें, खिलाड़ियों की तस्वीरें, अन्य देशों में भारतीय मूल के लोग, भारतीय मूल के व्यक्तियों द्वारा लिखी गई पुस्तकें आदि प्रदर्शित की गईं।
ये भी पढ़ें-लहरा-लहरा कर युवक चला रहा था बाइक…फिर तेज रफ्तार ट्रक से टकरा कर फैल गए सड़क पर-Video