Lucknow University: कुलपति ने द्वितीय परिसर का किया निरीक्षण, दिए चार निर्देश, 25 नवम्बर को यहीं मनेगा स्थापना दिवस
लखनऊ। सोमवार को लखनऊ विश्वविद्यालय (Lucknow University) के कुलपति प्रो आलोक कुमार राय ने लखनऊ विश्वविद्यालय के आरके मुखर्जी सभागार में रायबरेली और हरदोई जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्यो के साथ एक बैठक संपन्न की, जिसमे उन्होंने कई बिंदुओं पर चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसी के साथ कुलपति ने द्वितीय परिसर में योग संकाय और विधि संकाय का निरीक्षण भी किया।
देखें किन बिंदुओं पर हुई चर्चा
विश्वविद्यालय इस बार द्वितीय परिसर में दीक्षांत समारोह का आयोजन करने पर विचार कर रहा है। आगामी दीक्षांत समारोह के लिए उन्होंने कहा कि आप लोग इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। अपने-अपने महाविद्यालयों के झंडे दीक्षांत समारोह स्थल के आसपास लगाएं।
25 नवंबर को विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस मनाया जाता है। इसमें भी आप सभी महाविद्यालयों के प्राचार्य आमंत्रित किए जायेंगे। आप लोग उस आयोजन में आएं।
इसके बाद उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने छात्र छात्राओं के लिए वोकेशनल और को-करिकुलर कोर्स की शुरुआत की है। उसको अपने कॉलेज में भी लागू करें जिससे छात्रों को अध्ययन की अधिक से अधिक सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के पास अपना क्रीडांगन है। आपके कॉलेज में भी खेल का मैदान है। आप विश्वविद्यालय में होने वाले खेलकूद प्रतियोगिताओं में अपने छात्र छात्राओं के सहभागिता को बढ़ाएं और अपने यहां भी खेलकूद के कार्यक्रम का आयोजन करें जिससे यहां के छात्र छात्रायें वहां पर अपनी सहभागिता को भी सुनिश्चित करें।