Mathura: यमुना एक्सप्रेसवे पर लाल सूटकेस में मिली लड़की की लाश की हुई शिनाख्त, पिता ने ही की थी बेटी की हत्या, जाने ये बड़ी वजह, महिला आयोग ने जारी किया यूपी पुलिस को नोटिस

November 21, 2022 by No Comments

Share News

यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर दो-तीन दिन पहले लाल सूटकेस में मिली 21 वर्षीय लड़की की लाश की शिनाख्त हो गई है। पिता ने ही बेटी की हत्या कर शव को ठिकाने लगाया था। लाल ट्रॉली बेग में मिली लाश की पहचान नई दिल्ली की आयुषी यादव (21) के तौर पर हुई है। आयुषी की हत्या उसके पिता ने गोली मारकर दिल्ली में की थी। इसके बाद लाश को सूटकेस में रखकर मथुरा के राया इलाके में फेंक दिया था।

पूरे मामले को लेकर एसपी सिटी एमपी सिंह ने मीडिया को जानकारी दी कि युवती 17 नवंबर को सुबह घर से निकली थी। दूसरे दिन यानी 18 नवंबर को यमुना एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर एक ट्रॉली बैग में उसका खून से लथपथ शव मिला था। युवती के सिर, हाथ और पैरों में चोट के निशान थे और छाती में गोली मारी गई थी। मृतका की शिनाख्त के लिए मथुरा पुलिस ने गुरुग्राम, आगरा, अलीगढ़, हाथरस, नोएडा और दिल्ली तक 8 टीमें लगाई थीं। लावारिस शव की पहचान आयुषी यादव पुत्री नितेश यादव निवासी गली नंबर-65, गांव मोड़बंद, थाना बदरपुर (दिल्ली) के तौर पर हुई है।

लड़की के भाई और मां ने शव की पहचान की है। कुल मिलाकर मामला ऑनर किलिंग का बताया जा रहा है। हालांकि अभी ये जानकारी सामने आ रही है कि वह बिना बताए एक दिन के लिए घर से कहीं चली गई थी। इसी को लेकर पिता नाराज थे और बेटी की हत्या कर दी।

मालूम हो कि 18 नवंबर की सुबह 11 बजे यमुना एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर कृषि अनुसंधान केंद्र के पास झाड़ियों में लाल रंग के ट्रॉली बैग में खून से लथपथ शव मिला था। लड़की की हत्या गोली मारकर की गई थी। साथ ही शव पर कई तरह के चोट के निशान भी मिले थे। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।