Commonwealth Games 2022: बर्मिंघम में मीराबाई चानू ने रचा इतिहास, भारत को दिलाया पहला स्वर्ण, देखें क्या कहा प्रधानमंत्री ने, जानें कैसा रहा कॉमनवेल्थ खेलों में भारत का दूसरा दिन, देखें वीडियो
कॉमनवेल्थ खेलों में भारत का दूसरा दिन शानदार रहा। मीराबाई चानू ने इतिहास रचते हुए भातर को पहला स्वर्ण पदक दिलाया। इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीराबाई चानू को स्वर्ण जीतने पर बधाई दी है और ट्वीट करते हुए लिखा, ‘असाधारण मीराबाई चानू ने एक बार फिर भारत को गौरवान्वित किया! हर भारतीय इस बात से खुश है कि उन्होंने बर्मिंघम खेलों में एक स्वर्ण पदक जीता और एक नया राष्ट्रमंडल रिकॉर्ड बनाया। उनकी सफलता कई भारतीयों को प्रेरित करती है, विशेषकर नए एथलीटों को।’
बता दें कि मीराबाई चानू ने क्लीन एंड जर्क के पहले राउंड में 109 किलो भार उठाया। उन्होंने इसके साथ ही स्वर्ण पदक जीत लिया। यह उनके राष्ट्रमंडल खेलों के करियर में दूसरा स्वर्ण है। इससे पहले उन्होंने पिछली बार गोल्ड कोस्ट (2018) में भी गोल्ड ही जीता था। मीराबाई ने 2014 (ग्लास्गो) में रजत जीता था। 109 किलो से मीराबाई को संतुष्टि नहीं मिली। उन्होंने दूसरे प्रयास में इसमें सुधार किया और 113 किलो का भार उठाया। वह तीसरे प्रयास में 115 किलो उठाना चाहती थीं, लेकिन विफल रहीं। इस तरह क्लीन एंड जर्क में मीराबाई का स्कोर 113 किलो रहा। उन्होंने स्नैच और क्लीन एंड जर्क को मिलाकर कुल 201 किलो भार उठाया।
जानें कैसा रहा दूसरा दिन
बता दें कि कॉमनवेल्थ खेलों में भारत का पहला दिन कोई खास नहीं रहा। क्योंकि पहले दिन कोई भी पदक झोली में नहीं आया लेकिन दूसरे दिन मीराबाई चानू ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। उनसे पहले संकेत ने 55 किलोग्राम भारवर्ग में 248 किलोग्राम भार उठाकर रजत पदक जीता। वहीं, गुरुराजा ने दूसरा पदक दिलाया। टेबल टेनिस में महिला टीम ने लगातार दूसरा मैच जीता। बैडमिंटन में मिश्रित टीम ने पाकिस्तान के बाद श्रीलंका को भी हराया और क्वार्टरफाइनल में पहुंची। (फोटो सोशल मीडिया से ली गई है)