कुम्भ वाली मोनालिसा ने की मुस्लिम लड़के से मंदिर में शादी…डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने किया चौंकाने वाला दावा-Video

March 12, 2026 by No Comments

Share News

Mahakumbh Monalisa News: प्रयागराज महाकुंभ में माला बेचने वाली मोनालिसा भोंसले उस वक्त अचानक चर्चा में आ गई थी जब मीडिया ने उसकी आंखों की तारीफ की थी और इसी के बाद उसे हिंदी फिल्मों के डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने अपनी फिल्म “डायरी ऑफ मणिपुर” में बतौर मुख्य भूमिका कास्ट किया और फिल्म भी लगभग बनकर तैयार है कि मोनालिसा ने अचानक फरमान खान नाम के लड़के से केरल के मंदिर में शादी कर ली.

सोशल मीडिया पर मोनालिसा के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं. एक वीडियो में वो कुम्भ में दिख रही हैं और कह रही हैं कि वो बिना माता-पिता के मर्जी के शादी नहीं करेंगी तो वहीं दूसरे वीडियो में वो अपने पति के साथ दिख रही हैं और कह रही हैं कि उनके माता-पिता कहीं और शादी कराना चाहते थे इसलिए केरल में आकर अपने मन से शादी कर ली.

मोनालिसा की शादी के पीछे पीएफआई का हाथ होने का दावा

तो वहीं ताजा बयान फिल्म निर्देशक सनोज मिश्रा का सामने आया है और उन्होंने दावा किया है कि मोनालिसा की शादी के पीछे पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) का हाथ है और यह शादी नहीं बल्कि लव जिहाद है. मिश्रा ने सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर बयान जारी करते हुए कहा कि यह कोई बगावत नहीं बल्कि ‘लव जिहाद’ है. उन्होंने कहा कि वह मोनालिसा को अपनी बेटी मानते थे और उसके करियर को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने काफी मेहनत की थी, लेकिन उसने शादी के बारे में उनको कुछ नहीं बताया. वह इस घटनाक्रम ने मानसिक रूप से आहत हैं और समझ नहीं पा रहे हैं कि फिल्म कैसे पूरी करूं. उन्होंने कहा कि फिल्म पूरी हो चुकी है और एक गाना ही शूट होने को रह गया है. उन्होंने दावा किया कि वह ये फिल्म बंद कर देंगे क्योंकि उनका जमीर गंवारा नहीं करता. करीब 10 करोड़ का बजट अधर में लटक गया है.

फरमान PFI का एजेंट

सनोज मिश्रा ने ये भी दावा किया है कि मोनालिसा ने जिस फरमान खान नाम के लड़के से शादी की है, वह कोई मॉडल नहीं है. इसी के साथ ही उन्होंने दावा किया है कि फरमान पीएफआई का एजेंट है. चाहे तो जांच करा लीजिए. इसी के साथ ही उन्होंने एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है, मुझे सर तन से जुदा की धमकी दी जा रही है. पीएफआई ने जाल बिछाकर मोनालिका का केरल में लव जिहाद कराया है.

मोनालिसा का सामने आया बयान

इस पूरे विवाद के बाद मोनालिसा का बयान सामने आया है जिसमें मोनालिसा ने कहा है कि फरमान शादी नहीं करना चाहते थे. उसने ही उनको शादी करने के लिए मजबूर किया. चूंकि वह हिंदू है इसलिए मंदिर में जाकर शादी की. मोनालिसा ने कहा कि उनके पिता भी केरल में हैं लेकिन शादी में नहीं आए क्योंकि वो नाराज हैं, लेकिन बाद में वो उनको मना लेंगी. मोनालिसा ने कहा कि परिवार वाले उनकी शादी बुआ के बेटे से करा रहे थे जबकि वो उनका भाई है तो वो शादी के लिए राजी नहीं थीं. वहीं फरमान का दावा है कि उन्होंने मोनालिसा की मर्जी से शादी की है. उसकी खुशी के लिए ही मंदिर में शादी की क्योंकि मोनालिसा हिंदू है.

बागपत का रहने वाला है मोनालिसा का मुस्लिम पति

सोशल मीडिया पर वायरल खबरों के मुताबिक, मोनालिसा का मुस्लिम पति फरमान खान उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से है. तो वहीं मोनालिसा का कहना है कि वह सब धर्मों को मानती हैं. इसी के साथ ही उन्होंने ये भी दावा किया है कि मुस्लिम लड़के से शादी करने के लिए उन्होंने धर्म परिवर्तन नहीं किया है. वह बोली कि हमने धर्म नहीं बदला है.

महाकुंभ से फिल्म तक का एक साल में तय किया सफर

बता दें कि पिछले साल यानी 2025 के महाकुंभ से वायरल हुई मोनालिसा को देखकर सनोज मिश्रा उनकी सादगी से प्रभावित हो गए थे और इसीलिए अपनी फिल्म द डायरी ऑफ मणिपुर में अभिनेत्री के रूप में उनको लॉन्च करने का फैसला किया था. सनोज ने एक साक्षात्कार में बताया कि मोनालिसा की शादी से वह बेहद दुखी हैं क्योंकि फिल्म रिलीज को तैयार है. इसके लिए उन्हें कर्ज भी लेना पड़ा लेकिन अब सब कुछ खत्म होता दिख रहा है. इस पूरे मामले में उन्होने साजिश का आरोप लगाया है.

भारत में बैन है पीएफआई

बता दें कि पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) एक कट्टरपंथी इस्लामिक संगठन था. 2006 में यह संगठन स्थापित हुआ था और दलितों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों के नाम पर कार्य करने का दावा करता था लेकिन इस पर हिंसक वारदातों और कट्टरपंथ फैलाने के कई गंभीर आरोप लगने के बाद भारत सरकार ने सितंबर 2022 में आतंकवाद को वित्तपोषित करने, गैरकानूनी गतिविधियों, देश की सुरक्षा व अखंडता के लिए खतरा होने की वजह से 5 साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया था.

ये भी पढ़ें- PFI Banned: भारत में “पाकिस्तान जिंदाबाद” का नारा लगाने वाले पीएफआई के खिलाफ भारत सरकार ने की बड़ी कार्रवाई, संगठन को किया गैरकानूनी घोषित, पांच साल के लिए बैन, 8 सहयोगी संगठनों पर भी कार्रवाई