MP News: शहडोल में बेखौफ रेत माफियाओं का आतंक जारी…पुलिस अधिकारी को ट्रैक्टर से कुचला, इससे पहले पटवारी की भी कर चुके हैं हत्या
MP News: मध्य प्रदेश के शहडोल में बेखौफ रेत माफियाओं ने कल रात एक पुलिस अधिकारी की जान ले ली और उनको ट्रैक्टर से कुचलकर मार डाला. घटना में ब्योहारी थाने में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक महेंद्र प्रसाद बागरी की मौत हो गई है. घटना ब्योहारी थाना क्षेत्र के बड़ौली हेलीपैड के पास बीती रात करीब साढ़े 11 बजे सामने आई है.
खबरों के मुताबिक बीती रात एएसआई बागरी दो अन्य पुलिसकर्मियों के साथ एक फरार वारंटी को गिरफ्तार करने के लिए गए थे इसी दौरान रास्ते में उनको अवैध रेत से भरा एक ट्रैक्टर नजर आया तो उन्होंने रोकने का इशारा किया लेकिन चालक ने ट्रैक्टर की स्पीड बढ़ा दी और उनको कुचल कर भाग गया. इस दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया. बागरी के साथी पुलिसकर्मियों एएसआई गया प्रसाद कनौजिया और संजय ने इस घटना की सूचना अपने उच्चाधिकारियों को दी. मौके पर शहडोल एडीजीपी डीसी सागर, पुलिस कप्तान और वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे लेकिन उससे पहले ही एएसआई महेंद्र की मौत हो चुकी थी.
हालांकि घटना के कुछ ही घंटे बाद चालक को पुलिस ने दबोच लिया. दो दिन पहले ही रेत माफियाओं ने इसी क्षेत्र में खनिज विभाग की टीम पर भी हमला बोला था और फिर रेत से भरे ट्रैक्टर को लेकर फरार हो गए थे. तो वहीं कुछ दिनों पहले इसी क्षेत्र में ही रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन को रोकने के लिए पटवारी अपनी टीम के साथ पहुंचे थे. तब भी बेखौफ रेत माफियाओं ने पटवारी को भी मार दिया था. पुलिस अधिकारी मूल रूप से मध्यप्रदेश के सतना जिले के रहने वाले थे. मृतक एएसआई के परिवार में पत्नी और उनकी तीन बेटियां हैं. सबसे बड़ी बेटी की उम्र करीब 14 साल. घटना के बाद से घर में कोहराम मचा हुआ है. (फोटो-सोशल मीडिया)