National Mourning In India:शनिवार को देश में घोषित किया गया राष्ट्रीय शोक, जापान के पूर्व प्रधानमंत्री की हत्या के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की घोषणा, देखें घटना का वीडियो
जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे (Shinzo Abe) की शुक्रवार को गोली मारकर उस समय हत्या कर दी गई, जब वह नारा शहर में एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। एक गोली उनके सीने में लगी और अस्पताल में भर्ती कराने के बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनकी हत्या पर भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत दुनियाभर के नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है और इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। हाल ही में हुई उनसे मुलाकात की फोटो भी प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर की है। इसी के साथ ही भारत में शनिवार (9 जून) को राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्विट करते हुए कहा है कि आबे दुनिया को बेहतर जगह बनाने के लिए समर्पित किया जीवन। शिंजो आबे की मौत के बाद एक के बाद एक ट्वीट करते हुए भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, ‘मैं अपने सबसे प्यारे दोस्तों में शामिल रहे शिंजो आबे के दुखद निधन पर स्तब्ध और दुखी हूं। वह एक महान वैश्विक राजनेता, एक शानदार नेता और एक उल्लेखनीय प्रशासक थे। उन्होंने अपना जीवन जापान और दुनिया को एक बेहतर जगह बनाने के लिए समर्पित किया।’ उन्होंने आबे के सम्मान में कल एक दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है।
मोदी ने दुखी मन से आबे के साथ के रिश्तों को बताते हुए कहा कि उनके साथ काफी पुराना नाता था। वह उन्हें तब से जानते थे, जब वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे। मोदी ने ट्विटर पर लिखा कि हालिया जापान दौरे पर वह आबे से मिले थे, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि ये उनकी अंतिम मुलाकात होगी। उन्होंने उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।
आबे के साथ अपनी तस्वीर शेयर करते हुए उन्होंने कहा कि वह भारत-जापान के संबंधों को मजबूत करने के लिए जुनूनी थे। (फोटो प्रधानमंत्री के ट्विटर हैंडल से ली गई है)