Noida News: प्रेम विवाह हुआ असफल, पत्रकार महिला ने 16वीं मंजिल से लगाई छलांग, पति से हुआ था विवाद, पढ़ें दो दिन पहले ही फेसबुक पर क्या लिखा था बेटी को लेकर

November 22, 2022 by No Comments

Share News

नोएडा। भारत की राजधानी दिल्ली से सटे ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र में एक पत्रकार महिला ने सोसायटी की 16वीं मंजिल से कूद कर आत्महत्या कर ली है। फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। बताया जा रहा है कि आत्महत्या करने वाली 35 वर्षीय महिला पीएचडी कर रही थी और वह पत्रकार रह चुकी है। इसी के साथ वह अपनी यू-ट्यूब चैनल भी चलाती थी।

मीडिया सूत्रों के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में स्थित इको विलेज सोसायटी में रहने वाली श्वेता यादव ने मंगलवार सुबह 16वी मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। इस सूचना के सामने आने के बाद श्वेता के फेसबुक पेज पर उनके दोस्तों ने श्रद्धांजलि देते हुए लिखा है कि “यकीन नहीं हो रहा है।”

बता दें कि श्वेता एक बोल्ड पत्रकार थी और वह अपनी यू-ट्यूब चैनल के साथ ही न्यूज पोर्टल भी रन कर चुकी हैं, लेकिन तीन साल की बेटी की जिम्मेदारी के कारण वह अधिकतर समय बेटी की परवरिश में लगाती थीं। हालांकि इसी बीच वह पत्रकारिता में ही पीएचडी करने लगी थीं। दूसरी ओर सूचना पर ग्रेटर नोएडा पुलिस ने शव को कब्जे पुलिस लेकर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कड़ी में शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। मिली जानकारी के अनुसार, मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

शराब को लेकर हुआ था विवाद
मीडिया सूत्रों के मुताबिक श्वेता बैनेट विश्वविद्यालय से पीएचडी कर रही थी और उनके पति सुभाष सिंह, एक इलेक्ट्रॉनिक चैनल में पत्रकार हैं। कहा जा रहा है कि सोमवार देर रात पति-पत्नी के बीच शराब पीने के दौरान विवाद हुआ था। संभवतया इसके बाद श्वेता ने आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठाया।

दो दिन पहले ही अपनी तीन साल की बेटी (बिटकुन) को लेकर लिखी थी ये इमोशनल बात

हालांकि इससे पहले भी दोनो में कई बार विवाद की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लॉकडाउन के वक्त भी दोनों में विवाद हुआ था और फिर श्वेता आजमगढ़ स्थित अपने मायके बेटी को लेकर चली गई थी। उस वक्त श्वेता और सुभाष बिहार में रहते थे। हालांकि बाद में सबकुछ ठीक हो गया था और सुभाष और श्वेता नोएडा शिफ्ट हो गए थे। हालांकि जो विवाद की खबर अब सामने आ रही है, उसमें पुलिस ने जांच के दौरान फ्लैट से शराब की बोतल और ग्लास भी प्राप्त किया है। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान पति ने कुछ ऐसे शब्द बोल दिथे जो कि पत्नी को नागवार गुजरे इसके बाद श्वेता ने अपनी जान दे दी।

दोनों ने किया था प्रेम विवाह
मीडिया सूत्रों के मुताबिक श्वेता और सुभाष ने दिल्ली में ही पत्रकारिता के दौरान करीब चार साल पहले प्रेम विवाह किया था। इसके बाद दोनों ही दिल्ली में रहकर पत्रकारिता कर रहे थे, लेकिन कोरोना के लॉकडाउन में बिहार के रहने वाले सुभाष अपने घर बिहार चले गए और श्वेता भी उनके साथ थी। बताया जा रहा है कि सुभाष के घर वालों को श्वेता पसंद नहीं थीं और बिहार में रहते हुए आए दिन झगड़े होते थे। इसी के बाद जब लॉकडाउन खत्म हुआ तो दोनों बिहार से नोएडा शिफ्ट हो गए। हाल ही में श्वेता ने पीएचडी में एडमिशन लिया था।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
इसी के साथ इस खबर को दहेज हत्या से भी जोड़ा जा रहा है। जहां एक ओर पति सुभाष श्वेता के छलांग लगाने का दावा कर रहे हैं, तो वहीं परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। इस सम्बंध में पुलिस आयुक्त आलोक सिंह के मीडिया प्रभारी पंकज कुमार ने मीडिया को जानकारी दी कि मृतका के पति ने दावा किया है कि उसकी पत्नी ने अपार्टमेंट की 16वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या की है। वहीं, महिला के परिजनों ने मामले में दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

उन्होंने कहा कि मृतका पीएचडी कर रही थी, जबकि उसका पति एक टेलीविजन चैनल में पत्रकार के रूप में काम करता है। दोनों का तीन साल पहले प्रेम विवाह हुआ था। उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह बिसरख थाना पुलिस को सूचना मिली कि इको विलेज-3 में स्थित एक अपार्टमेंट की 16वीं मंजिल से गिरकर श्‍वेता यादव नाम की एक महिला की मौत हो गई है। पंकज कुमार के अनुसार, घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मीडिया प्रभारी ने बताया कि मृतका मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले की रहने वाली है। पूछताछ के दौरान सुभाष ने पुलिस को बताया है कि वह सोमवार देर रात को किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ और इसी के बाद श्वेता ने 16वीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। (सभी तस्वीरें श्वेता के फेसबुक अकाउंट से ली गई हैं)