लश्कर का टॉप कमांडर अबू सैफुल्लाह ढेर…पाकिस्तान में अज्ञात हमलावरों ने कर दिया काम तमाम; भारत के खिलाफ इस साजिश में था शामिल
Lashkar e Taiba Leader Abu Saifullah Shot Dead: पाकिस्तान के आतंकियों के लिए बुरी खबर सामने आ रही है. अभी ऑपरेशन सिंदूर के खौफ से उबर भी नहीं पाया कि पाकिस्तान में किसी अज्ञात हमलावर ने लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े अबू सैफुल्लाह को गोली मार कर ढेर कर दिया है. बता दें कि उसने 2006 में आरएसएस मुख्यालय नागपुर में हुए आतंकी हमले की साजिश रची थी.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लश्कर का ये आतंकी भारत में तीन आतंकी हमलों में शामिल था. ताजा खबर सामने आ रही है कि उसको पाकिस्तान के सिंध प्रांत के मतली फलकारा चौक के पास अज्ञात हमलावरों ने गोलियों से भून डाला. ये आतंकी अबू सैफुल्लाह नेपाल के जरिए आतंकी नेटवर्क को हैंडल कर रहा था.
जानें कौन था अबू सैफुल्लाह?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अबू सैफुल्लाह उर्फ मोहम्मद सलीम उर्फ राज़ूल्लाह निज़ामनी लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर था. उसने नेपाल में अपना आतंकी नेटवर्क फैला रखा था. ये नेपाल में लश्कर-ए-तैयबा का पूरा मॉड्यूल संभालता था. वह भारत में आतंकी हमले करवाने के काम में सक्रिय था और लगातार भारत के खिलाफ आतंकी साजिशों को अंजाम देता था.
था मोस्ट वांटेड आतंकी
भारत की सुरक्षा एजेंसियों ने उसे मोस्ट वांडेट आतंकियों की लिस्ट में डाल रखा था. यही वजह रही कि वो नेपाल छोड़कर वापस पाकिस्तान भाग गया था. पाकिस्तान में रहने के दौरान ही उसकी अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक इसका मुख्य काम लश्कर की आतंकवादी गतिविधियों के लिए कैडर और आर्थिक बंदोबस्त करना था. वह आतंकी गतिविधियों के लिए आर्थिक मदद भी करता था.
भारत में हुए इन आतंकी हमलों में था शामिल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह भारत के खिलाफ लगातार आतंकी साजिश रचता था और नेपाल के रास्ते लश्कर के आतंकवादियों को भारत में भेजने का काम करता था. सीआरपीएफ कैंप रामपुर पर 2001 में हुए हमले में भी इसका बड़ा हाथ था तो वहीं 2005 में आईआईएससी बेंगलुरु पर हुए हमले की साजिश में भी ये शामिल था. तो वहीं नागपुर में 2006 में राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ मुख्यालय पर हुए हमले में भी इसकी मुख्य भूमिका थी.
ये भी पढ़ें-Operation Sindoor: सेना ने आतंकी ठिकानों को कुछ इस तरह किया था ध्वस्त, पाकिस्तान को सिखाया सबक…Video