Premanand Maharaj: प्रेमानंद महाराज की पैदल यात्रा एक बार फिर से स्थगित…ये बड़ी वजह आई सामने
Premanand Maharaj: दिल्ली में हुए ब्लास्ट का असर यूपी के सभी जाने-माने तीर्थस्थलों पर भी देखने को मिल रहा है. हालांकि प्रदेश भर के जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है और तीर्थ स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. इसी क्रम में मथुरा-वृंदावन में भी पुलिस बल को बढ़ा दिया गया है. तो वहीं सोशल मीडिया पर वायरल खबरों के मुताबिक,संत प्रेमानंद महाराज की सुबह निकलने वाली पैदल परिक्रमा यात्रा को भी स्थगित कर दिया गया है और लोगों से कहीं पर भी भीड़ न लगाने की अपील की गई है.
मालूम हो कि राधा रानी के अनन्य भक्त संत प्रेमानंद महाराज प्रतिदिन सुबह पदयात्रा पर निकलते हैं और इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उनके दर्शन करने के लिए पहुंचते हैं. तो वहीं कल यानी मंगवार की सुबह जब दूर-दराज से भक्त संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने के लिए पहुंचे तो पता चला कि दिल्ली ब्लास्ट की वजह से उनकी सुबह की यात्रा स्थगित कर दी गई है. इस पर भक्तों को निराश होकर लौटना पड़ा. हालांकि उनमें से भी कुछ भक्त ऐसे थे कि काफी देर तक इंतजार करते रहे कि हो सकता है कि संत महाराज के दर्शन हो जाएं.
बता दें कि प्रेमानन्द महाराज की पदयात्रा वृंदावन में श्री राधा केलि कुंज आश्रम तक होती है. इस दौरान श्रद्धालु उनके दर्शनों के लिए फूलों से पूरा मार्ग सजा देते हैं. कोई रंगोली बनाता है तो कोई दीप प्रज्ज्वलित करता है.
गौरतलब है कि सोमवार की शाम 6 से 7 बजे के करीब मध्य दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी एक कार में जोरदार विस्फोट होने के बाद कई गाड़ियां जलकर राख हो गई थी. इस घटना में करीब 10 लोगों की मौत हुई और दर्जनों लोग घायल हो गए थे. इस धमाके से न केवल दिल्ली बल्कि पूरा देश हिल गया. फिलहाल धमाके की वजह जानने के लिए जांच एजेंसियां मामले की जांच कर रही है. हालांकि अनुमान लगाया जा रहा है कि यह कोई साधारण धमाका नहीं था बल्कि इसके तार आतंक से जुड़े हो सकते हैं.
ये भी पढ़ें-प्रेमानन्द महाराज का ताजा वीडियो वायरल…एक श्रद्धालु के इस सवाल पर हंसे खिलखिलाकर-Video