Science News: क्या आसमान में अब दिखेंगे दो चांद! इस तारीख से अंतरिक्ष में होने जा रही है ये दुर्लभ घटना

September 14, 2024 by No Comments

Share News

Science News: ये बात सच है कि पूरा ब्रह्माण्ड चमत्कार से भरा हुआ है. आसमान में कब कौन सी अचरज भरी घटना हो जाए इसको लेकर कुछ कहा नहीं जा सकता है. वैसे भी सौर मंडल में कई ग्रह हैं और एक से अधिक चंद्रमा भी है लेकिन पृथ्वी के पास केवल एक ही चांद चमकता हुआ दिखाई देता है लेकिन वैज्ञानिकों द्वारा एक ताजा जानकारी दी जा रही है.

वैज्ञानिकों की ओर से सामने आई एक खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है जिसमें दावा किया जा रहा है कि पृथ्वी को जल्द ही एक अस्थायी चांद भी मिल सकता है. बता दें कि यहां पर हम जिस चांद की बात कर रहे हैं उसे दुनिया मिनी मून के नाम से जानती है. गौरतलब है कि अमेरिकन एस्ट्रोनॉमिकल सोसाइटी (American Astronomical Society) ने इसको लेकर कहा है कि एक दुर्लभ खगोलीय घटना के चलते पृथ्वी को एक अस्थायी मिनी-मून मिलने वाला है. ये मिनी मून हमें 29 सितंबर से 25 नवंबर 2024 तक दिखेगा.

यह एक बेहद दुर्लभ खगोलीय घटना है. यह आसमान में दिखने वाले चंद्रमा की तरह नहीं होगा, बल्कि यह एक उल्कापिंड यानी एस्टेरॉयड के रूप में बेहद छोटा होगा। छोटा चांद बनाने वाले एस्टेरॉयड का नाम 2024 PT5 है। इस तरह से पृथ्वी के पास दो चांद हो जाएंगे. वैज्ञानिकों ने दावा किया है कि इस घटना से पृथ्वी की गुरुत्वाकर्षण की ताकत दिखाई देगी.

7 अगस्त को की गई है खोज
अमेरिकन एस्ट्रोनॉमिकल सोसाइटी की रिपोर्ट्स के मुताबिक, 7 अगस्त 2024 को इस एस्टेरॉयड की खोज वैज्ञानिकों द्वारा की गई है. इसका व्यास करीब 10 मीटर है। 29 सितंबर से 25 नवंबर तक इस पर पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण का प्रभाव रहेगा। इस अवधि के दौरान यह एस्टेरॉयड पृथ्वी की परिक्रमा करेगा, लेकिन एक चक्कर नहीं लगा पाएगा।
रिपोर्ट्स में कहा गया है कि यह 25 नवंबर 2024 के बाद यह धरती के गुरुत्वाकर्षण से बाहर चलेगा और फिर सूर्य का चक्कर लगाएगा। अमेरिकन एस्ट्रोनॉमिकल सोसायटी ने इससे संबंधित पेपर प्रकाशित किया है। इसमें शोधकर्ताओं ने निष्कर्षों को लेकर पूरी जानकारी दी है.

पेपर में दी गई है ये जानकारी
बता दें कि इस पेपर में वैज्ञानिकों ने जानकारी दी है कि पृथ्वी के निकट की वस्तुएं (नियर अर्थ ऑब्जेक्ट) घोड़े के नाल जैसे पथ का अनुसरण करती हैं। यह ग्रह के करीब और कम सापेक्ष वेग से पहुंचती है, तो मिनी मून जैसी घटना होती है। इसकी वजह से एस्टेरॉयड की भूकेंद्रित ऊर्जा घंटों, दिनों या महीनों के लिए नकारात्मक हो जाती है। फिलहाल पूरा परिक्रमा किए बगैर वह अपने रास्ते पर निकल जाती हैं। एस्टेरॉयड 2024 PT5 धरती के समान कक्षाओं वाली नियर अर्थ ऑब्जेक्ट का हिस्सा है।

जानें क्या दिखेगा आसमान में?
मालूम हो कि ऐसा पहली बार नहीं है जब इस तरह की कोई खगोलीय घटना हुई है. पृथ्वी के साथ ऐसा पहले भी हो चुका है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आज से करीब 44 साल पहले भी एक मिनी मून (Mini Moon) देखने को मिला था और तब भी इसे नंगी आंखों से नहीं देखा जा सकता था. तो वहीं अब वैज्ञानिकों का कहना है कि इस एस्टेरॉयड का आकार इतना बड़ा नहीं है कि इसे नंगी आंखों से देखा जा सके. इसे आम दूरबीनों से भी नहीं देखा जा सकेगा. इसको केवल धरती के इस दूसरे चांद को सिर्फ एडवांस ऑब्जरवेटरी से ही देखा जा सकेगा. 2024PT को नंगी आंखों या छोटे टेलीस्कोप से देखने पर बहुत धुंधला दिखेगा। इसकी तीव्रता 22 होगी जो उन्नत ऑब्जर्वेटरी में ही दिखेगा। वैज्ञानिक इसे अध्ययन के लिए सुनहरा व बड़ा अवसर मान रहे हैं।

वहीं पेपर मे दी गई जानकारी के मुताबिक, एस्टेरॉयड का अपेक्षाकृत कम वेग और पृथ्वी के लगभग आना गुरुत्वाकर्षण को अस्थायी रूप से इसको रास्ता बदलने की अनुमति देगा, जिससे यह एक लघु यानी एक छोटा सा चांद बन जाएगा.