UP Board Result-2023: सपा नेता ने 59 साल की उम्र में पास की 12वीं की परीक्षा, देखें कौन से डिवीजन से हुए हैं पास
UP Board Result-2023: यूपी बोर्ड परीक्षा में इस बार माननीयों ने भी जमकर कमाल दिखाया है. जहां एक ओर बरेली में भाजपा के पूर्व विधायक पप्लू भरतौल ने इंटर की परीक्षा 55 साल की उम्र में द्वितीय श्रेणी में पास कर ली है. वहीं सपा नेता और पूर्व मंत्री प्रभुदयाल वाल्मिकी ने भी 59 साल की उम्र में एक नया कारनामा करते हुए सेकेंड डिवीजन पास हुए हैं.
परिवार में दौड़ी खुशी की लहर
इन दोनों को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है. मेरठ में समाजवादी पार्टी नेता और पूर्व मंत्री प्रभुदयाल वाल्मीकि ने मंगलवार को जारी यूपी बोर्ड में इंटर की परीक्षा द्वितीय श्रेणी में पास कर ली है. उन्होंने बागपत के आदर्श इंटर कॉलेज जोहड़ा में प्राइवेट फार्म भरकर बारहवीं की पढ़ाई शुरू की थी. मंगलवार को जारी हुए यूपी बोर्ड के रिजल्ट में प्रभुदयाल वाल्मीकि का नाम भी शामिल रहा. इसके बाद तो उनके परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई. इस मौके पर प्रभुदयाल वाल्मीकि ने मीडिया को बताया कि काफी समय से खाली रहने के कारण मन में आया की क्यों न पढ़ाई की जाए और खाली समय में थोड़ा वक्त निकाल कर इंटर का प्राइवेट फर्म भर कर पढ़ाई शुरू कर दी. हालांकि रिजल्ट आने से पहले वह काफी बेचैन थे, जैसे की बच्चे होते हैं.
सपा सरकार में राज्य मंत्री बने
प्रभुदयाल वाल्मीकि ने मीडिया को बताया कि वह 2012 में हस्तिनापुर सीट से सपा के बैनर तले विधानसभा का चुनाव जीतकर विधायक बने थे. मालूम हो कि प्रभु दयाल बाल्मिकी लंबे समय तक सपा की राजनीति में पूरी तरह से सक्रिय रहे हैं. सपा पार्टी के सूत्र बताते हैं कि उन्होंने हस्तिनापुर में विकास कार्य में काफी काम भी किया था. उनकी इसी मेहनत और लगन को देखते हुए राज्यमंत्री बना दिया था, फिर कुछ समय बाद उन्हें दर्जा प्राप्त मंत्री बनाया गया, लेकिन फिर सत्ता पलटी और उनकी किस्मत भी उनसे रूठ गई और वह 2017 में हस्तिनापुर में भाजपा के दिनेश खटीक से हार गए.