UP:चंद पैसों के लालच में मिड डे मील का निरीक्षण करने पहुंच रहे हैं बेसिक शिक्षा विभाग के अनधिकृत कर्मचारी, लगा रहे हैं विभाग को चूना, BSA ने जारी किया सख्त आदेश, पढ़ें पूरा आर्डर
कानपुर। वर्तमान में उत्तर प्रदेश (UP) के कानपुर जिले के बेसिक शिक्षा विभाग में जमकर भ्रष्टाचार व्याप्त है। कोई किसी वजह से धनवसूली कर रहा है तो कोई किसी वजह से। फिलहाल ताजा मामला मिड डे मील से जुड़ा सामने आया है। इस मामले में जिला बेसिक शिक्षाधिकारी (BSA) कानपुर नगर सुरजीत कुमार सिंह ने एक सख्त आदेश जारी करते हुए ऐसे किसी भी व्यक्ति को मिड डे मील निरीक्षण के लिए जाने के लिए प्रतिबंधित कर दिया है, जो टास्क फोर्स में शामिल नहीं हैं। दरअसल कुछ अनधिकृत कर्मचारी पहले तो निरीक्षण करने चले जाते हैं, फिर इसके बदले में विभाग से यात्रा भत्ता आदि की डिमांड करने लगते हैं। कुल मिलाकर चंद पैसों के लालच में विभाग के खिलाफ ही बंदरबाट का खेल यहां जारी है और जमकर विभाग को चूना लगाया जा रहा है।

बीएसए द्वारा जारी आदेश में साफ लिखा हुआ है कि ऐसी जानकारी मिली है कि विद्यालयों में मिडे डे मील के निरीक्षण के लिए लिपिक, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, कम्प्यूटर ऑपरेटर, लेखाकार एवं अन्य अनधिकृत व्यक्तियों के द्वारा निरीक्षण किया जाता है और इसके सापेक्ष यात्रा भत्ता के बिल प्रस्तुत कर धनराशि आहरित कर ली जाती है, जो कि पूरी तरह से नियम विरुद्ध है और शासकीय धनराशि का स्पष्ट दुरुपयोग है। इसी के साथ इस आदेश में मिड डे मील (मध्याह्न भोजन) को दूषित किए जाने की सम्भावना भी जताई गई है।