Lucknow: भारी बारिश के बीच योगी सरकार के खिलाफ माध्यमिक शिक्षकों ने फूंका बिगुल, MLC बोले भर देंगे जेल, सरकार बहाल करे पुरानी पेंशन, देखें वीडियो ‌

August 26, 2022 by No Comments

Share News

लखनऊ। भारी बारिश के बीच गुरुवार को उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ के आवाहन पर शिक्षा निदेशक माध्यमिक के पार्क रोड स्थित शिविर कार्यालय में प्रदेश के हजारों की संख्या मे शिक्षकों ने संगठन के अध्यक्ष एवं नेता शिक्षक दल सुरेश कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में जोरदार नारों की बीच धरना प्रदर्शन किया और प्रदेश सरकार से पुरानी पेंशन बहाली के साथ ही 17 सूत्रीय मांगें पूरी करने के लिए आवाज बुलंद की।

धरने के समापन अवसर पर अध्यक्ष सुरेश कुमार त्रिपाठी, एमएलसी, ने मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन शिक्षा निदेशक माध्यमिक डा. सरिता तिवारी को सौंपा। ज्ञापन प्राप्त करने के पश्चात शिक्षा निदेशक ने कहा कि उनके स्तर की मांगो के निरकरण के लिए सम्बन्धित अधिकारियों के निर्देशित किया जाएगा तथा ज्ञापन मुख्यमंत्री को प्रेषित करने के लिए भरोसा जताया। इस मौके पर संगठन के प्रदेशीय मंत्री एवं प्रवक्ता डा. आरपी मिश्र ने बताया कि मुख्यमंत्री को प्रेषित ज्ञापन में वचित तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण, अनेक जनपदों में मौखिक आदेश से तदर्थ शिक्षकों के रोके गए वेतन का भुगतान, पुरानी पेंशन की बहाली, वित्त विहीन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को समान कार्य के लिए समान वेतन तथा सेवाशर्ते, निःशुल्क चिकित्सा सुविधा सहित 17 सूत्रीय मांगे सम्मिलित है।

संगठन के अध्यक्ष नेता शिक्षक दल सुरेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण एवं उनका वेतन भुगतान हमारी प्राथमिकता है। इसी के साथ 17 सूत्रीय ज्ञापन की मांगों पर कार्यवाही के लिए यदि आवश्यक हुआ तो संघर्ष किया जाएगा। धरने के सम्बोधित करते हुए शिक्षक महासंघ के संयोजक डा. दिनेश चन्द्र शर्मा ने माध्यमिक शिक्षकों की मांगो को पूरा कराने के लिए शिक्षक महासंघ की ओर से समर्थन दिया। ध्रुव कुमार त्रिपाठी, एमएलसी ने अपने सम्बोधन में कहा कि यदि शिक्षक समस्याओं के निराकरण के लिए जेल जाना पडे़ तो वह जेल जाने के लिए तैयार है। धरने का संचालन महामंत्री इन्द्रासन सिंह ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन हेम सिंह पुण्डीर, पूर्व एमएलसी ने किया।

धरने को जगवीर किशोर जैन, पूर्व एमएलसी, कोषाध्यक्ष सुभाष चन्द्र शर्मा, उपाध्यक्ष महेश चन्द्र शर्मा, प्रदेशीय मंत्री एवं प्रवक्ता डा. आरपी मिश्र, प्रदेशीय मंत्री डा. प्रमोद कुमार मिश्र, प्रदेशीय मंत्री हेमराज सिंह गौर, प्रदेशीय मंत्री नरेन्द्र कुमार वर्मा, लखनऊ के जिलाध्यक्ष डा. आरके त्रिवेदी ने सम्बोधित किया। धरने में प्रमुख रूप से प्रदेश के विभिन्न मण्डलों एवं जनपदों के अध्यक्ष/मंत्री, प्रदेशीय कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा भारी संख्या में शिक्षक सम्मिलित रहे।