UP: हवन-पूजन कर महिला ने पति व बेटी के साथ फिर से अपनाया सनातन धर्म, 14 साल पहले हिंदू धर्म छोड़कर मुस्लिम युवक से कर लिया था निकाह, वीडियो में देखें ससुरालवालों पर क्या लगाए आरोप

September 1, 2022 by No Comments

Share News

लखनऊ। इस्लाम धर्म छोड़कर महिला ने गुरुवार को अपने पति व बेटी के साथ सनातन धर्म अपना लिया। इसके लिए महिला ने अपने घर पर विधि-विधान से मंत्रोच्चारण के बीच सनातन धर्म अपनाया और खुशी जाहिर की। महिला ने 14 साल पहले मुस्लिम युवक से निकाह के लिए इस्लाम धर्म अपना लिया था, लेकिन प्रताड़ना सहने के बाद उन्होंने फिर से हिंदू धर्म अपना लिया। इस सम्बंध में महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें महिला के साथ ही उसके पति अपने घर वालों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

बता दें कि इस्लाम धर्म में रहते हुए युवक का नाम मो. सलीम हैदर था, जो कि एक व्यवसायी हैं। फिलहाल गुरुवार को अयोध्या रोड स्थित फ्लैट में सपरिवार हवन-पूजन करने के बाद उन्होंने अपना बदल कर राजवीर सिंह रख लिया है तो वहीं उनकी पत्नी जो कि मुस्लिम धर्म अपनाने से पहले हिंदू थीं और उनका नाम पूनम सिंह था, लेकिन मुस्लिम धर्म अपनाने के बाद उन्होंने अपना नाम सामिया सिद्दीकी रख लिया था, लेकिन उन्होंने अब फिर से सनातन धर्म अपनाने के बाद पूनम सिंह नाम रख लिया है। बता दें कि हवन-पूजन के दौरान अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी व अन्य लोग भी मौजूद रहे।

देखें राजवीर और उनकी पत्नी ने क्या लगाए आरोप
राजवीर सिंह ने कहा कि सनातन धर्म में कोई आडम्बर नहीं है यह सबसे अच्छी बात है। राजवीर ने बताया कि 14 साल पहले रायबरेली की रहने वाली एक हिंदू लड़की से निकाह कर लिया था। महिला ने इस्लाम अपना लिया था। राजवीर के मुताबिक इसके बाद उनके पिता और बड़े भाई ने पत्नी को दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। धार्मिक टिप्पणी करते थे। जब उन्होंने पत्नी पर जुल्म बढ़ते देखा तो उन्होंने भी सनातन धर्म अपनाने का मन बना लिया। पत्नी के लिए 20 दिन पहले सनातन धर्म अपना लिया।

इसकी सूचना समाचारपत्रों में भी प्रकाशित हुई थी और इस सम्बंध में राजवीर ने स्वयं अपनी पहचान खोलते हुए वीडियो भी वायरल किया था। इसी के साथ पुलिस से सुरक्षा की भी मांग की थी और बताया था कि जब से हिंदू धर्म अपनाने की घोषणा उन्होंने की है, तब से उनको बाहुबली एवं पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी और कुछ प्रभावशाली लोगों के नाम से बड़े भाई और पिता धमकी दे रहे हैं। वहीं वायरल वीडियो में राजवीर की पत्नी भी जेठ और ससुर पर आरोप लगाते हुए दिखाई दे रही हैं। महिला ने आरोप लगाया कि पति की गैरहाजिरी में उनको ससुरालीजन गौ-मांस पकाने और खाने का दबाव बनाते थे।

दर्ज किया गया है मुकदमा
मामले की जानकारी पर डीसीपी पूर्वी प्राची सिंह ने पुलिस बल को मौके पर भेजा था और मामले की पड़ताल कराई थी। आरोपों के आधार पर राजवीर की पत्नी की तहरीर पर बीबीडी थाने में जेठ और ससुर के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया था।