SAWAN:सावन में बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन हुए “महंगे”, पूजा-पाठ के बढ़े रेट, बिना लाइन में लगे दर्शन के लिए 750 रुपए और विशेष श्रंगार के लिए 20 हजार रखे गए रेट, देखें लिस्ट, वीडियो
सावन माह को भगवान भोलेनाथ का माह माना गया है। इसीलिए इस महीने देश भर में जितने भी तीर्थ स्थल हैं, खासकर कि भगवान भोले बाबा के प्राचीन मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संख्या बढ़ जाती है। अगर उत्तर प्रदेश की बात करें तो काशी विश्वनाथ मंदिर में जाने वालों का तांता लग जाता है, लेकिन इस बार मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को बाबा के दर्शन करना थोड़ा महंगा पड़ सकता है, क्योंकि गत वर्ष की अपेक्षा इस बार दर्शन व पूजा-पाठ करने के लिए 10 से 15 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी कर दी गई है।
इस सम्बंध में श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर के सीईओ सुनील कुमार वर्मा ने मीडिया को बताया कि सावन में चार सोमवार पड़ रहे हैं। प्रत्येक सोमवार को यहां बहुत भीड़ होती है। इसीलिए जिनको “सुगम दर्शन” करना है, अर्थात बिना लाइन में खड़े होकर दर्शन करना है तो इसके लिए अलग से बंदोबस्त किया गया है। श्रद्धालुओं को सीधे मंदिर में जाने के लिए 750 रुपए का चार्ज लगाया गया है। इसके लिए गंगा की ओर से आने के लिए मार्ग खोल दिया गया है। इसी के साथ श्रद्धालुओं के लिए बाबा के दर्शन करने के लिए पूरे परिसर ने 12 स्थानों पर एलईडी टीवी लगवाई जा रही है।

देखें क्या रखे गए हैं रेट
आम दिनों में दर्शन के लिए 500 रुपए देने होंगे। तो वहीं सोमवार को सुगम दर्शन के तहत 750 रुपए चार्ज रखे गए हैं। वहीं आम दिन में अगर किसी को मंगला आरती करानी है तो एक हजार रुपए और सोमवार को करानी है तो दो हजार चार्ज रखा गया है। इसी के साथ सोमवार को विशेष श्रंगार के लिए 20 हजार चार्ज देना होगा।