UP News: सरकारी स्कूलों सहित सभी विद्यालयों का बढ़ा अवकाश, CMS भी रहेगा बंद, शिक्षकों व कर्मचारियों की नहीं है छुट्टी, देखें आक्रोशित शिक्षकों ने क्या कहा
लखनऊ। कड़ाके की ठंड के बीच बच्चों के लिए राहत की खबर सामने आ रही है। कक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। अर्थात बच्चों के लिए स्कूल बंद रहेंगे, लेकिन शिक्षकों व कर्मचारियों के लिए अवकाश नहीं रहेगा। इसी के साथ जिलाधिकारी के आदेश को देखते हुए लखनऊ के CMS (सिटी मॉन्टेसरी स्कूल ) स्कूल की सभी शाखाएं की सभी कक्षाओं में दिनांक 7 जनवरी तक अवकाश रहेगा। इस दौरान कोई भी परीक्षा नही होगी।
वहीं लखनऊ जिलाधिकारी सूर्यपाल गंगवार ने आदेश जारी करते हुए शीत लहर को देखते हुए लखनऊ के सभी शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के सभी बोर्ड्स के कक्षा 12 तक के स्कूलों, जिसमें सरकार और गैर सरकार व मान्यता प्राप्त शामिल हैं, में 4 से 7 जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है।
यह आदेश कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों पर भी लागू होगा। इसी के साथ ये भी आदेशित किया गया है कि इस दौरान शिक्षक व कर्मचारियों के लिए कोई अवकाश नहीं होगा। ये अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए किया जा रहा है। इसी के साथ परिषदीय विद्यालयों के लिए पूर्व में आदेशित शीतकालीन अवकाश 14 जनवरी तक रहेंगे। इसी तरह प्रदेश के अन्य जिलों में भी जिलाधिकारियों द्वारा अवकाश जारी किए गए हैं।
देखें विरोध करते हुए क्या कह रहे हैं शिक्षक
शिक्षकों के लिए अवकाश न होने के कारण परिषदीय व माध्यमिक स्कूलों के शिक्षकों में आक्रोश व्याप्त हो गया है। शिक्षकों के व्हाट्स ग्रुप्स में इसको लेकर जमकर विरोध चल रहा है। शिक्षकों का कहना है कि क्या शिक्षक रोबोट हैं क्या। उनको सर्दी-गर्मी नहीं लगती। बच्चों के स्कूल में न आने पर भला शिक्षक स्कूल में क्या करेंगे। इसी के साथ शिक्षक ये भी कह रहे हैं कि शिक्षकों की छुट्टी होती है तो लोगों के पेट में दर्द होने लगता है।