Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी देने वाला कानपुर से गिरफ्तार, किया चौंकाने वाला खुलासा, देखें वीडियो
Lucknow: यूपी 112 पर एक बार फिर बीते रविवार को मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी दी गई. जिसके बाद ऑपरेशन कमांडर यूपी 112 द्वारा मोबाइल नंबर के आधार पर सुशांत गोल्फ सिटी थाने पर सोमवार को मुकदमा दर्ज कराया गया. जानकारी के मुताबिक रविवार की शाम सुशांत गोल्फ सिटी के शहीद पथ के किनारे बने यूपी 112 के मुख्यालय के वाट्सअप नम्बर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी दी गई, जिसकी जानकारी होने के बाद संवाद अधिकारी शिखा अवस्थी द्वारा मैसेज का स्क्रीन शार्ट लिया गया.
धमकी की सूचना मिलने के बाद निरीक्षक सहेंद्र कुमार ऑपरेशन कमांडर डायल 112 ने इसकी सूचना पुलिस अधिकारियों के साथ सुशांत गोल्फ सिटी थाने पर दी. इसके बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर आरोपित को यूपी के कानपुर जिले के बेगमपुरवा (बाबूपुरवा) से गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपित का नाम आमीन बताया जा रहा है. उसने बताया कि वह गर्लफ्रैंड के पिता को फंसाना चाहता था, इसलिए उसने सीएम योगी को जान से मारने की धमकी दी.
पुलिस ने उसके पास से वो मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किया है, जिसका उपयोग उसने घटना को अंजाम देने के लिए किया था. इस सम्बंध में पुलिस ने बताया कि मोहम्मद सज्जाद को फंसाने के लिए आमीन ने UP-112 पर कॉल किया था. सज्जाद आमीन के घर के पास ही रहता है.
पुलिस ने बताया कि आमीन सज्जाद की बेटी को पसंद करता था लेकिन सज्जाद को इससे आपत्ति थी. इस पर आमीन ने पहले तो सज्जाद का फोन चुराया. इसके बाद उसने उसी फोन से मुख्यमंत्री को धमकी देने का काम किया. पुलिस ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मुकदमा सज्जाद ने दर्ज कराया है और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
बता दें कि डायल 112 मुख्यालय के व्हाट्सएप डेस्क पर 23 अप्रैल की रात 20:22 बजे 9151400148 नंबर से धमकी भरा मैसेज आया था. बताया जा रहा है कि उक्त नंबर पर उर्दू में लगी DP पर अल्लाह लिखा हुआ था. पुलिस की शुरुआती पड़ताल में उक्त नंबर का यूजर कथित तौर पर रिहान नामक युवक बताया जा रहा था. इसी के बाद 24 अप्रैल की सुबह सुशांत गोल्फ सिटी थाने में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई थी.
सुशांत गोल्फ सिटी थाना प्रभारी शैलेंद्र गिरि ने कहा कि एक शिकायत मिली है. इसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित का पता लगाया जा रहा है. इसके साथ ही अन्य एजेंसियों को भी सूचना दे दी गई है. मालूम हो कि ये कोई पहला मामला नहीं है, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी दी गई हो. इससे पहले भी सीएम योगी को सोशल मीडिया के जरिए ऐसी कई धमकियां मिल चुकी है.