UP Police: दोस्ती में लाइन हाजिर हो गए दारोगा जी, पहना दी थी पुलिस वर्दी की कैप, वायरल हुई फोटो
लखनऊ। पुलिस वर्दी की कैप मित्र को पहनाना माल थाने के दारोगा अरविंद कुमार को भारी पड़ गया है। उनकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही उनको लाइन हाजिर कर दिया गया है। वायरल फोटो का संज्ञान लेते हुए एसपी ग्रामीण ह्रदेश कुमार ने शनिवार को दारोगा अरविंद को लाइन हाजिर कर दिया।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक माल थाने के दारोगा अरविंद कुमार के पास उनके एक मित्र पहुंचे। दोनों बातचीत कर रहे थे। इस दौरान दारोगा वर्दी में थे। दारोगा की पी-कैप उनके मित्र ने अपने सिर पर रख ली और फिर क्या था मित्रता के चलते इस पल को यादगार बनाने के लिए दोनों ने एक सेल्फी भी ले ली।
इसके बाद इस तस्वीर को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर मित्र ने डाल दिया। इसके बाद यह तस्वीर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गई और लोग सवाल उठाने लगे कि क्या पुलिस की वर्दी किसी को भी दी जा सकती है। फिर क्या था वायरल फोटो एसपी ग्रामीण ह्रदेश कुमार के पास भी पहुंच गई। एसपी ग्रामीण ने मामले को संज्ञान लिया और दारोगा को शनिवार दोपहर लाइन हाजिर कर दिया। एसपी ग्रामीण ने बताया कि वायरल फोटो के आधार पर दारोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इसके साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच में जो तथ्य सामने आएगा, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।