Sikh Society: श्री गुरु ग्रंथ साहिब के 220 स्वरूपों को अमृतसर के बजाय लखनऊ से आस्ट्रेलिया भेजने पर सिख समाज ने किया जमकर विरोध, कहा, राज्य मंत्री सिख समाज में डाल रहे हैं दरार, जानें क्या है पूरा मामला
लखनऊ। लखनऊ गुरुद्वारा प्रबन्धक कमेटी के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह बग्गा ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के 220 पावन स्वरूपों को अमृतसर साहिब से लखनऊ मंगवाकर, फिर इनको यहां से आस्ट्रेलिया भेजने का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख सिख समुदाय को दो भागों में बांटने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे सरकार की छवि धूमिल हो रही है।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के एक होटल में राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख द्वारा आहूत की गई बैठक पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राजेंद्र सिंह बग्गा ने कहा कि सर्वप्रथम तो श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूपों को श्री अकाल तख्त साहिब अमृतसर से वहां के मानयोग जत्थेदार, अध्यक्ष, मुख्यग्रंथी जी की गरिमामयी उपस्थिति में आस्ट्रेलिया के लिए ससम्मान विदा कराना चाहिए था, जिससे देश विदेश में रह रहे सिख समुदाय में इन पावन स्वरूपों के आदर सत्कार के प्रति एक अलग संदेश जाता लेकिन इन पावन स्वरूपों को अमृतसर से सीधे आस्ट्रेलिया न भेजकर इन्हे पहले लखनऊ मंगाया जाना एवं यहां से चार्टेड प्लेन द्वारा आस्ट्रेलिया भेजा जाना केवल राजनीति से प्रेरित है।
आयोजन में सहभागिता को लेकर राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख द्वारा अपने सरकारी लेटर हेड पर जारी निमंत्रण के अनुसार 25 सितंबर को श्री अमृतसर साहिब से साहिब श्री गुरु ग्रंथ साहिब के 220 पावन स्वरूप लखनऊ आ रहे हैं। यहां से इनको चार्टेड प्लेन द्वारा आस्ट्रेलिया भेजा जाएगा, जबकि इन पावन स्वरूपों को अमृतसर साहिब से भी आस्ट्रेलिया भेजा जा सकता था। यह सब करके राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख एवं लखनऊ के चंद सिख प्रतिनिधि पावन स्वरूपों के माध्यम से अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकना चाह रहे हैं। इस सम्बंध में जो बैठक होटल में की गई है, उसे किसी गुरुद्वारे में सिख संगत की उपस्थिति में किया जाना चाहिए था, लेकिन राज्य मंत्री ने सिख समुदाय में दरार डालने का काम कर रहे हैं। उनके इन सब कार्यों से सरकार की छवि धूमिल हो रही है।
इसी के साथ श्रीबग्गा ने कहा कि सूचना केंद्रीय गुरुद्वारा आलमबाग ,लखनऊ की प्रबन्धक कमेटी के लेटर हेड के माध्यम से पहुंचनी चाहिए थी, उस सूचना के लिए राज्य मंत्री ने अपने सरकारी लेटर हेड का प्रयोग किया। लखनऊ गुरुद्वारा प्रबन्धक कमेटी के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह बग्गा ने इसे पद की गरिमा व सरकारी लेटर हेड का दुरुपयोग बताया। साथ ही सीएम योगी आदित्यनाथ से सरकारी लेटर हेड के दुरुपयोग पर रोक लगाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि राज्य मंत्री की इस द्वेषपूर्ण राजनीति से लखनऊ के सिख समुदाय में रोष व्याप्त हो गया है। इसी के साथ श्री बग्गा ने दावा किया कि राज्य मंत्री द्वारा आयोजित बैठक एवम् प्रेस वार्ता में सिख समाज के सम्मानित लोग नहीं बल्कि ऐसे लोग शामिल हुए थे जो न्यायालय द्वारा सजा आफ्ता हैं और उनके ऊपर संगीन धाराओं में मुकदमें चल रहे हैं। इस तरह से साफ जाहिर होता है कि राज्य मंत्री की इन माफियाओं पर कृपा दृष्टि बनी हुई है। उनके इस कृत्य से भी सरकार की छवि धूमिल हो रही है। इसी के साथ श्री गुरु तेग बहादुर साहिब के 401 वें प्रकाश पर्व पर जो काम उन्होंने किया, इससे भी साफ जाहिर होता है कि वह सिख समुदाय को तोड़ना चाहते हैं।