BJP पार्षद ने नाले में खड़े होकर काटा केक…इस अनोखे जन्मदिन सेलिब्रेशन की जमकर हो रही है चर्चा; जानें क्यों-Video

June 26, 2026 by No Comments

Share News

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से चौंका देने वाली खबर सामने आ रही है. यहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नगर निगम पार्षद किशन नायक ने नाले के अंदर खड़े होकर जन्मदिन का केक काटा. इस दौरान उनके समर्थक भी नाले में खड़े दिखाई दिए. उनके इस अनोखे विरोध प्रदर्शन की जमकर चर्चा हो रही है.

सोशल मीडिया पर उनका वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें उनके समर्थक नारे लगाते हुए दिख रहे हैं. तो वहीं एक बैनर पर लिखा दिखाई दे रहा है कि ‘हनुमान जी कल्याण करें’.

उनका दावा है कि पिछले 14 सालों से नाले की सफाई नहीं हुई है और कई बार वह नगर निगम अधिकारी और मेयर से इसकी शिकायत कर चुके हैं लेकिन नाला साफ नहीं किया गया और अब फिर से मानसून आने वाला है. नाला भर जाता है और लोगों के घरों में भी पानी भर जाता है जिससे लोग परेशान हो जाते हैं और बीमारी फैलने का भी खतरा बना रहता है.

उन्होंने ये भी कहा कि यहां पिछले कुछ सालों में नाले में गिरने से तीन लोगों की मौत हो चुकी है.बता दें कि किशन नायक हरमुख वार्ड के पार्षद हैं. नगला धानी क्षेत्र की जल निकासी पूरी तरह से बदहाल है.

पार्षद किशन नायक कहते हैं कि लंगड़े की चौकी स्थित हनुमान मंदिर के पास से ये नाला गुजरता है लेकिन वर्षों से न तो इसका निर्माण कार्य कराया गया और न ही उसकी समुचित सफाई कराई गई. यह नाला सुल्तानगंज की पुलिया से लंगड़े की चौकी होते हुए जीवनी मंडी रोड के रास्ते यमुना नदी तक जाता है. उन्होंने ये भी बताया कि ये नाला पहले ऐतिहासिक शाही कैनाल था लेकिन बाद में नाले का स्वरूप दे दिया गया.

30 बार लिख चुके हैं पत्र

पार्षद ने आरोप लगाया है कि वह करीब 30 बार इसको लेकर पत्र लिख चुके हैं. वह बताते हैं कि उनको जनप्रतिनिधि बने तीन वर्ष हो चुके हैं. इस दौरान उन्होंने महापौर और नगर आयुक्त को नाले के निर्माण एवं सफाई के लिए कम से कम 30 बार पत्र लिखे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई और क्षेत्र की जनता लंबे समय से इसी गंदगी, जलभराव और बदबू वाले वातावरण के बीच रहने को मजबूर है.

किशन नायक ने दावा किया कि इस नाले की आखिरी बार वर्ष 2011 में सफाई हुई थी.

ये भी पढ़ें- कोतवाली में ड्यूटी के दौरान रोमांस करते दिखे महिला और पुरुष सिपाही- Video