क्या होते हैं संचारी रोग और कैसे फैलता है…? छात्राओं को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

July 11, 2025 by No Comments

Share News

Lucknow: बालिका विद्यालय इंटर कॉलेज, मोती नगर, लखनऊ में होप इनिशिएटिव और सी 2 फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संचारी रोग जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ लीना मिश्र ने प्रोग्राम मैनेजर आयुषी शुक्ला का विद्यालय में स्वागत किया। आयुषी ने डायरिया, टाइफाइड, मलेरिया, डेंगू और बहुत से संचारी रोगों के विषय में छात्राओं को विस्तार से बताया।

क्या होते हैं संचारी रोग?

संचारी रोग क्या होते हैं, वे कैसे संक्रामक हो जाते हैं, उनके कारण क्या हो सकते हैं और इन सब से कैसे बचाव हो सकता है आदि पर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने छात्राओं को बताया कि गंदे पानी के इस्तेमाल, मच्छरों के काटने से, पौष्टिक भोजन न करने, खुली हुई चीजों का इस्तेमाल करने और बीमार लोगों के संपर्क से यह संचारी रोग फैलते हैं।

इस तरह करें बचाव

इनसे बचाव के लिए साबुन से हाथ धोना, स्वच्छ पानी पीना, शौचालय का इस्तेमाल करना, खुले में शौच न जाना, अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना जिससे मच्छर और बीमारियां न पनपें, पूरी बाँह के कपड़े और मोजे पहनना, मच्छरदानी का इस्तेमाल करना आदि ऐसी ध्यान देने योग्य बाते हैं जिससे इन संचारी रोगों से बचा जा सकता है।

कैसे करें अच्छी आदतों का विकास

इस जानकारी को और रोचक बनाने के लिए आयुषी ने काइट पैराशूट गेम के माध्यम से बताया कि अच्छी आदतों का विकास कैसे किया जा सकता है और बुरी आदतों को कैसे छोड़ा जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि अच्छी आदत पतंग की तरह हमको आकाश में ऊंचाइयों तक ले जा सकती हैं और बुरी आदतें हमको पैराशूट की तरह नीचे जमीन पर ला सकती हैं।

साथ ही हैंड वॉशिंग बॉक्स एक्टिविटी के माध्यम से उन्होंने हाथ को साफ रखने के 6 स्टेप्स के बारे में बताया जिससे हाथ को साफ रखकर समस्त बीमारियों से बचा जा सकता है।

इस कार्यक्रम में पूनम यादव, उत्तरा सिंह, रागिनी यादव, मंजुला यादव और मीनाक्षी गौतम उपस्थित रहीं और उनका पूरा सहयोग इस कार्यक्रम के सफल संचालन में रहा। छात्राओं के साथ-साथ इन शिक्षिकाओं ने भी आयुषी द्वारा बताई गई जानकारी को बहुत रुचि लेकर सुना और अमल में लाने का संकल्प किया।

ये भी पढ़ें-Sawan: सावन में जरूर पहनें हरी चूड़ियां…मजबूत होता है ये ग्रह; मिलेंगे कई लाभ