मंहगाई चरम पर…और साल 2016 से नहीं बढ़ा बेसिक शिक्षा के इन कर्मचारियों का मानदेय…शिक्षा मंत्री संदीप सिंह से किया ये अनुरोध

Share News

Lucknow: पीएम पोषण योजना अंतर्गत मंडल एवं जनपद स्तर पर कार्यरत समन्वयक एवं कंप्यूटर ऑपरेटर के प्रतिनिधि मंडल ने 26 मई 2025 को बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह से शिष्टाचार भेंट करते हुए अपनी समस्या से अवगत कराया. प्रतिनिधि मंडल ने जानकारी दी कि समन्वयक एवं कंप्यूटर ऑपरेटर का मानदेय वर्ष 2016 से अभी तक मध्यान्ह भोजन प्राधिकरण कार्यालय लखनऊ के द्वारा नहीं बढ़ाया गया है। जबकि उक्त समस्त कार्मिक एमबीए एमसीए एमएसडब्लू ओ लेवल आदि उच्च डिग्री एवं डिप्लोमा धारक हैं।

प्रतिनिधि मंडल ने जानकारी दी कि साल 2016 में समन्वयक का मानदेय रुपए 29282 तथा कंप्यूटर ऑपरेटर का मानदेय रुपए 14641 मध्यान्ह भोजन प्राधिकरण द्वारा निर्धारित किया गया था और तब से लेकर आज तक एक रुपए की भी बढ़ोतरी मध्यान्ह भोजन प्राधिकरण द्वारा नहीं की गई है जबकि महंगाई अपने चरम पर है तथा समस्त प्रकार के खर्चे दिन प्रतिदिन बढ़ रहे हैं।

समन्वयक एवं कंप्यूटर ऑपरेटर के संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार के द्वारा कई बार निदेशक मध्यान भोजन प्राधिकरण के समक्ष मानदेय वृद्धि हेतु प्रत्यावेदन प्रस्तुत किया गया लेकिन मध्यान भोजन प्राधिकरण के द्वारा उस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली प्रबंधकारिणी समिति के द्वारा दिनांक 14 अक्टूबर 2024 को इन कार्मिकों के मानदेय वृद्धि हेतु अनुमोदन प्रदान कर हरी झंडी दे दी गई लेकिन 6 महीने बीत जाने के बाद भी प्राधिकरण द्वारा मानदेय वृद्धि संबंधी कोई कार्यवाही नहीं की गई है जिससे इन कार्मिकों में अत्यंत हताशा एवं निराशा है।

बता दें कि मध्यान्ह भोजन प्राधिकरण के उदासीन रवैये से क्षुब्ध होकर इन कार्मिकों के प्रतिनिधि मंडल के द्वारा आज बेसिक शिक्षा मंत्री के संज्ञान में इस मामले को डालते हुए उनसे वेतन वृद्धि का अनुरोध किया है.

इस मामले में जनपद कानपुर नगर के जिला समन्वयक सौरभ पांडेय के द्वारा बताया गया कि बेसिक शिक्षा मंत्री के द्वारा ध्यानपूर्वक समस्याओं को सुना गया तथा सहानुभूति पूर्वक उन पर विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है। प्रतिनिधि मंडल में निधि, रंजीत कौर, आनंद गौर, डॉ पीयूष, गणेश श्रीवास्तव, देवर्षि बाजपेई, नरेंद्र कुशवाहा, भब्रुवाहन,अवनी मिश्रा, रामजी, विनय, फिरोज अहमद, अंजनी सिन्हा, राजेश आदि उपस्थित रहे तथा उनके द्वारा दृढ़ता से अपनी बात बेसिक शिक्षा मंत्री के सामने रखी. तो वहीं बेसिक शिक्षा मंत्री ने उनकी समस्या पर सकारात्मक जवाब दिया है.

ये भी पढ़ें-Nautapa-2025: जानें कब से शुरू है नौतपा और क्यों जरूरी है हमारे लिए? इस तरह रखें अपना ख्याल