प्रतियोगिता में दिखी सकारात्मक सोच… बालिका विद्यालय की छात्राओं का दिखा हुनर

September 30, 2026 by No Comments

Share News

Lucknow: बालिका विद्यालय इंटरमीडिएट कॉलेज, मोती नगर, लखनऊ में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश’ विषय पर आयोजित हो रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को भारत के विकास की संभावनाओं, भविष्य की चुनौतियों और उनकी अपनी आकांक्षाओं से जोड़ना तथा उन्हें देश के भविष्य के संबंध में स्वतंत्र रूप से सोचने और अपने विचारों को रचनात्मक माध्यमों से अभिव्यक्त करने का अवसर प्रदान करना था।

कार्यक्रम का आयोजन पूनम यादव, रागिनी यादव एवं मंजुला यादव के निर्देशन में किया गया। छात्राओं ने चित्रकला, भाषण, निबंध लेखन तथा सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। चित्रों में छात्राओं की कल्पनाशीलता के साथ उनके भीतर देश के भविष्य को लेकर मौजूद विचारों की भी अभिव्यक्ति हुई।

जूनियर वर्ग की चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा 7 की प्रमीन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा 8 की नंदिनी मिश्रा द्वितीय तथा जैनब तृतीय स्थान पर रहीं। सीनियर वर्ग में कक्षा 12 की आराधना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा 9 की राधिका ने द्वितीय तथा शहनाज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा 12 की चाहत को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

भाषण प्रतियोगिता में छात्राओं ने ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर छात्राओं की प्रस्तुतियों में अपने देश के भविष्य को लेकर उत्साह और सकारात्मक सोच दिखाई दी। कक्षा 12 की शालिनी पाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, आराधना द्वितीय तथा कक्षा 10 की काजल तृतीय स्थान पर रहीं। इसी विषय पर आयोजित सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी में छात्राओं ने भारत के इतिहास, भूगोल, विज्ञान, संविधान, संस्कृति, उपलब्धियों तथा समकालीन विकास से जुड़े प्रश्नों के उत्तर देकर अपने ज्ञान का परिचय दिया।

इस प्रतियोगिता में कक्षा 12 की शालिनी पाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रिया सिंह द्वितीय तथा आराधना तृतीय स्थान पर रहीं। निबंध प्रतियोगिता में कक्षा 12 की आराधना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अफरोज द्वितीय तथा कक्षा 9 की वैष्णवी तृतीय स्थान पर रहीं। कक्षा 12 की सलोनी एवं कक्षा 9 की तन्वी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. लीना मिश्र ने सभी विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।

ये भी पढ़ें-रास्ते पर सन्नाटे का पहरा है…IAS पद से इस्तीफा देने के कई दिन बाद दिव्या मित्तल ने तोड़ी चुप्पी; Video जारी कर बताई नई योजना