लखनऊ नगर निगम की बड़ी लापरवाही…फैला है स्वाइन फ्लू और सफाई कर्मियों की सेहत के साथ खिलवाड़! Video

August 25, 2026 by No Comments

Share News

Lucknow: लखनऊ नगर निगम सफाई कर्मियों की सेहत के साथ लगातार खिलवाड़ करता दिखाई दे रहा है. दरअसल सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहे हैं जिसमें साफ दिख रहा है कि लखनऊ नगर निगम के सफाई कर्मचारी सड़क पर झाड़ू लगा रहे हैं लेकिन न ही उन्होने मास्क पहना है और न ही हाथ में ग्लव्स. सबसे बड़ी बात तो ये है कि उनको नगर निगम ने अपनी यूनीफार्म तक उपलब्ध नहीं कराई है.

वे अपने घर के कपड़ों में ही सड़क पर झाड़ू लगाना और नाली आदि साफ करने का काम कर रहे हैं. जबकि बारिश का समय है और तेजी से संक्रमण फैल रहा है. बावजूद इसके सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है. आज ही मौसमी संक्रामक बीमारियों के फैलने की खबर सामने आई है.

इन्फ्लुएंजा यानी एच-1 एन-1 का खतरा बढ़ रहा है. सर्दी, खांसी, बुखार के चलते अस्पतालों में भीड़ एकाएक बढ़ी है. तो वहीं स्वास्थ्य विभाग ने बचाव के लिए तैयारी शुरू कर दी है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल्ली, कर्नाटक और केरल से कई लोगों के संक्रमित होने की खबर आने के बाद लोगों की चिंता बढ़ गई है.

दिल्ली में जहां इससे संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या 1777 है तो वहीं कर्नाटक में करीब 4 हजार लोग संक्रमित हो चुके हैं. तो वहीं केरल में अभी तक इन्फ्लुएंजा के 7421 मामले दर्ज किए हैं. इसी बीच लखनऊ नगर निगम लगातार लापरवाही कर रही है और सफाईकर्मियों के पास मास्क व ग्लव्स आदि न होने पर उनके भी स्वास्थ्य पर असर पड़ने की सम्भावना है.

कोरोना के समय मिला था मास्क

कुछ सफाई कर्मियों ने बताया कि मास्क और ग्लव्स वाली किट कोरोना के समय मिली थी और कुछ ही दिन बाद फट गई थी. इसके बाद विभाग से ये किट नहीं मिली. तो वहीं कुछ सफाईकर्मियों ने वेतन की समस्या भी उठाई और बताया कि उनका मानदेय इतना कम है कि पूरा घर खर्च ही नहीं चलता, जबकि महंगाई रोज बढती जा रही है. मालूम हो कि लखनऊ में अधिकांश सफाईकर्मी ठेके वाले हैं, सरकारी विभाग वाले सफाईकर्मियों की संख्या दिन पर दिन कम होती जा रही है लेकिन सरकारी सफाईकर्मियों की भर्ती नहीं की जा रही है.

ये भी पढ़ें-Heat Wave: जानलेवा बन सकती है हीटवेव…WHO की पूर्व वैज्ञानिक ने दी चेतावनी; भारत सरकार को दी ये बड़ी सलाह-Video