शकुन्तला विवि ने अदानी समूह के साथ किए कई समझौते…अब दिखेगा ये बदलाव; दिव्यांग विद्यार्थियों को मिलेगी ये सुविधा

April 18, 2026 by No Comments

Share News

Shakuntala University News: डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय लखनऊ उत्तर प्रदेश और अदानी समूह (अदानी सीमेंट) के बीच कई कार्यों को लेकर करार हुआ है. इसके तहत दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए सहायक तकनीकों (Assistive Technologies) पर विशेष रूप से कार्य किया जाएगा. तकनीकों के उपयोग पर प्रशिक्षण देने के साथ ही कार्य प्रक्रियाओं में आधुनिक सहायक तकनीकों को बढ़ावा दिया जाएगा. ताकि दिव्यांग विद्यार्थियों की कार्यक्षमता में वृद्धि हो सके।

इसके अलावा दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए उपयुक्त रोजगार अवसरों की पहचान कर उन्हें उद्योग से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। पाठ्यक्रम को भी उद्योग की जरूरतों के अनुरूप अपडेट किया जा सकता है। इसको लेकर कुलपति आचार्य संजय सिंह के नेतृत्व में विश्वविद्यालय और अदानी समूह के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके अलावा इसमें कई अन्य महत्वपूर्ण बिंदु भी शामिल हैं।

इंटर्नशिप और ऑन-फील्ड प्रशिक्षण का मौका

कुलपति आचार्य संजय सिंह ने बताया कि इस समझौते का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ना, उनके कौशल का विकास करना और उन्हें बेहतर रोजगार अवसरों के लिए तैयार करना है। इसके तहत विद्यार्थियों को इंटर्नशिप और ऑन-फील्ड प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही उद्योग विशेषज्ञों द्वारा अतिथि व्याख्यान और कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिससे छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान मिल सके।

इसके अलावा छात्रों के लिए औद्योगिक भ्रमण (इंडस्ट्रियल विजिट) कराए जाएंगे, ताकि वे उद्योग के कामकाज को नजदीक से समझ सकें। पाठ्यक्रम को भी उद्योग की जरूरतों के अनुरूप अपडेट किया जाएगा। संयुक्त शोध और नवाचार गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे छात्र नई तकनीकों और विचारों पर काम कर सकें।

दिव्यांगता को ध्यान रखकर बनाए जाएंगे प्रशिक्षण कार्यक्रम

प्लेसमेंट और करियर मार्गदर्शन के क्षेत्र में भी अदानी समूह विश्वविद्यालय के दिव्यांग बच्चों का सहयोग करेगा. ताकि छात्रों को बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकें। विशेष रूप से दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए समावेशी प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किए जाएंगे, जो उनकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर डिजाइन होंगे। उन्हें ऐसे कार्यस्थलों का अनुभव कराया जाएगा, जो दिव्यांग-अनुकूल हों।

कुलपति ने कही ये बात

कुलपति आचार्य संजय सिंह ने कहा कि यह समझौता विश्वविद्यालय और उद्योग के बीच एक मजबूत सेतु का काम करेगा और विशेष रूप से दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए नए अवसर खोलेगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का लक्ष्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि छात्रों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाना है।

अदानी समूह ने की सराहना

अदानी समूह के प्रतिनिधियों ने भी विश्वविद्यालय के कार्यों को देखते हुए इसकी सराहना की और कहा कि यह संस्थान समावेशी शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी इस सहयोग को और विस्तारित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इसका लाभ मिल सके।

ये लोग रहे उपस्थित

कार्यक्रम के दौरान अदानी समूह की ओर से क्लस्टर हेड (टेक्निकल सर्विसेज) डॉ. करुणेश वर्मा, रीजनल टेक्निकल सर्विस मैनेजर (अदानी सीमेंट) डॉ. महेंद्र मोहन श्रीवास्तव, विश्वविद्यालय की ओर से कुलपति प्रो. संजय सिंह, कुलसचिव रोहित सिंह, एमओयू समन्वयक डॉ. विजय शंकर शर्मा, निदेशक प्लेसमेंट बिराग दीक्षित सहित विभिन्न संकायों के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें-दुबई में काम करना नहीं आसान…एक युवती ने Video वायरल कर बता दी असली समस्या की पूरी कहानी