Lucknow University का IIRF रैंकिंग 2026 में जलवा… राज्य विश्वविद्यालयों में पाया शीर्ष स्थान
Lucknow University: लखनऊ विश्वविद्यालय (Lucknow University) ने एक बार फिर से सिद्ध कर दिया है कि शिक्षा के मामले में वो लगातार आगे बढ़ रहा है. दरअसल प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग संस्था इंटरनेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (IIRF) द्वारा रैंकिंग रिजल्ट-2026 जारी किया गया है जिसमें लखनऊ विश्वविद्यालय ने उत्तर प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों में अपनी सर्वोच्च अकादमिक बादशाहत साबित की है.
विश्वविद्यालय के प्रबंधन (Management) और विधि (Law) संकायों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश और देश में अपनी गुणवत्ता का लोहा मनवाया है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि को लेकर कुलपति प्रोफेसर जय प्रकाश सैनी ने कहा, “आईआईआरएफ (IIRF) रैंकिंग 2026 के परिणाम विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, वैश्विक मानकों के समावेशन और राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के अनुरूप किए जा रहे प्रयासों की सफलता को दर्शाते हैं।
प्रबंधन और कानून जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में उत्तर प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों में प्रथम स्थान प्राप्त करना हमारे उत्कृष्ट बुनियादी ढांचे, शोधपरक माहौल और समर्पित संकाय सदस्यों का प्रत्यक्ष प्रमाण है। यह सफलता हमें भविष्य में विद्यार्थियों को वैश्विक पटल के योग्य और अधिक सक्षम बनाने के हमारे संकल्प को और सुदृढ़ करती है।”
तो वहीं निदेशक रैंकिंग प्रोफेसर गीतांजलि मिश्रा ने कहा कि “यह रैंकिंग परिणाम लखनऊ विश्वविद्यालय में अकादमिक गुणवत्ता, अनुसंधान के अवसरों और डेटा-संचालित सुधारों के प्रति हमारी निरंतर प्रतिबद्धता का परिणाम है। राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर शीर्ष रैंक हासिल करना यह साबित करता है कि हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
हमारी टीम और विभिन्न विभागों द्वारा समय पर और सटीक रूप से मानदंडों को पूरा करने की वजह से ही आज लखनऊ विश्वविद्यालय राष्ट्रीय फलक पर अपनी मजबूत साख स्थापित करने में सफल रहा है। यह रैंकिंग आगामी प्रवेश सत्र में देश-विदेश के मेधावी छात्रों को और अधिक आकर्षित करेगी।”
तो वहीं विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस ऐतिहासिक सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की है और सभी संकाय अध्यक्षों, शिक्षकों, शोधार्थियों और छात्रों को बधाई दी है। प्रशासन का मानना है कि इन शीर्ष विभागों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण आगामी सत्र में विश्वविद्यालय के प्रति मेधावियों का आकर्षण और अधिक बढ़ेगा।
जानें क्या हैं IIRF रैंकिंग 2026 के मुख्य बिंदु और पाठ्यक्रमवार
IIRF द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक लखनऊ विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों और संस्थानों की स्थिति इस प्रकार रही है…
इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट साइंसेज (BBA), आईएमएस (IMS) के बीबीए पाठ्यक्रम को उत्तर प्रदेश में दूसरा (2nd) सर्वश्रेष्ठ बीबीए कॉलेज होने का गौरव प्राप्त हुआ है। राष्ट्रीय स्तर पर इसे ऑल इंडिया नेशनल रैंक 33 प्राप्त हुई है।
इस से पूर्व, इसी वर्ष, IIRF ranking में, MBA के लिए भी लखनऊ विश्वविद्यालय ने राज्य विश्वविद्यालयों में पहला स्थान प्राप्त किया था और राष्ट्रीय स्तर पर 42 रैंक.
विधि संकाय (Faculty of Law): कानूनी शिक्षा के क्षेत्र में इसे उत्तर प्रदेश के राज्य विश्वविद्यालयों में पहला (1st) स्थान प्राप्त हुआ है। वहीं, पूरे देश में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए इसने ऑल इंडिया नेशनल रैंक 24 हासिल की है।
ये भी पढ़ें-Muharram Procession: खाकी पहन दारोगा ने मुहर्रम जुलूस में की तलवारबाजी…VIDEO वायरल होते ही गिरी गाज