आत्महत्या से पहले बेसिक शिक्षक ने बनाया Video…फूट-फूट कर रोया; सुसाइड लेटर में SIR को लेकर लिखी ये बात

November 30, 2025 by No Comments

Share News

Moradabad: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कर रहे शिक्षक BLO ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है जिसमें एसआईआर की जिक्र किया गया है. बताया जा रहा है कि शिक्षक एसआईआर (SIR) का टारगेट पूरा ना कर पाने के कारण परेशान था और फिर ये घातक कदम उठा लिया. तो वहीं सोशल मीडिया पर उनका वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें वह फूट-फूट कर रोते नजर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि ये वीडियो सर्वेश ने आत्महत्या करने से पहले बनाया. 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आत्महत्या करने से पहले शिक्षक ने बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) के नाम दो पेज का सुसाइड नोट लिखा. मामला मुरादाबाद जिले के थाना भोजपुर के बहेड़ी गांव से सामने आया है. यहां रहने वाले सर्वेश सिंह (46) थाना भगतपुर के गांव जाहिदपुर सिकंदरपुर कम्पोजिट स्कूल में बतौर शिक्षक कार्यरत थे.

मिली जानकारी के मताबिक उनको 7 अक्टूबर को BLO बनाया गया था. फिलहाल उनके सुसाइड नोट को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है. बता दें कि शिक्षक का ये सुसाइड नोट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बता दें कि जबसे एसआईआर का कार्य शुरू हुआ है तबसे लेकर अभी तक उत्तर प्रदेश में 6 BLO की जान जा चुकी है. इसमें 3 ने सुसाइड किया तो 2 की मौत हार्ट अटैक और एक की जान ब्रेन हेमरेज से हुई है.

सुसाइड लेटर में लिखी ये बात

शिक्षक सर्वेश सिंह ने अपनी जान देने से पहले सुसाइड लेटर में लिखा, ‘रात-दिन काम करता रहा लेकिन SIR का टारगेट पूरा नहीं कर पा रहा हूं. दिन बहुत मुश्किल और चिंता में कट रही है. सिर्फ 2 से 3 घंटे सो पा रहा हूं. 4 बेटियां हैं, 2 की तबीयत कई दिनों से खराब है. मुझे क्षमा करें. इसी के साथ ही सर्वेश ने आगे लिखा है, मेरे परिवार ने मेरा बहुत साथ दिया है और हौंसला भी बढ़ाया लेकिन अब मैं हार गया. मेरे ना होने के बाद मेरे किसी भी व्यक्ति पर कोई दोष न लगाया जाए. सर्वेश ने सुसाइड नोट में ये भी लिखा है कि कहने को तो बहुत कुछ बाकी है लेकिन वक्त बहुत कम है. मुझे माफ करना. मेरे विद्यालय के बच्चों को बहुत प्यार देना. मैं जीना तो चाहता हूं, पर क्या करूं. मुझे बहुत बेचैनी व घुटन एवं खुद को डरा महसूस कर रहा हूं. आगे सर्वेश ने अपनी बेटियों के लिए लिखा है कि मेरी चार छोटी बेटियां हैं. बेटियां का ख्याल रखना. बहुत मासूम हैं. मैं लिखते समय बहुत पीड़ा महसूस कर रहा हूं. सर्वेश ने आगे लिखा है कि अगर समय ज्यादा होता तो शायद मैं इस कार्य को पूरा कर देता क्योंकि यह समय मेरे लिए पर्याप्त नहीं था. मुझे माफ कर देना.

(Disclaimer: यदि आप या आपका कोई भी जानने वाला शख्‍स किसी तरह से भी ड‍िप्रेशन में है और मन में खुद को नुकसान पहुंचाने का विचार आ रहा है तो तुरंत मेडिकल का सहयोग लें और भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन नंबर 18002333330 पर संपर्क कर सकते हैं. ताक‍ि एक कीमती जिंदगी को बचाया जा सके.)

 

ये भी पढ़ें-देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी करने वाले का पुलिस ने किया ऐसा इलाज…रो-रो के मांगी माफी-Video