प्रधानाध्यापक ने अपने अधिकारी (BSA) पर बरसाई बेल्ट, अखिलेश यादव ने कहा-झूठी हाजिरी…-Video

September 24, 2025 by No Comments

Share News

Sitapur News: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से चौंका देने वाली खबर सामने आ रही है. यहां बेसिक शिक्षा विभाग कल यानी मंगलवार की दोपहर एक प्राथमिक स्कूल के प्रिंसिपल ने बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) अखिलेश प्रताप सिंह को उनके ही कार्यालय में बेल्ट से जमकर पीट दिया. इस दौरान पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई और अब सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. इसी वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर शेयर कर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है.

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा है, जिन गाँवों में पीडीए समाज के लोग अधिक हैं और उनमें भी मल्लाह जैसे समाज जिनके बीच PDA की नयी चेतना का प्रसार हो रहा है, वहाँ भाजपा सरकार पीडीए पाठशाला खुलने के डर से, अब सीधे ‘स्कूल बंदी’ नहीं करवा पा रही है तो सत्ता-सजातीय लोगों के द्वारा ‘टीचर’ न भेजकर झूठी हाज़िरी लगाने का दबाव प्रधानाध्यापकों पर बनवा रही है, ये भी स्कूल बंदी का ही एक और तरीक़ा है।

ऐसे सत्ता पोषित उच्चाधिकारियों के दुर्व्यवहार से जो अंतहीन आक्रोश उपजता है वो अंतत: हिंसक भी हो उठता है। नाइंसाफ़ी या भ्रष्टाचार की अति की ही ये परिणति है। भाजपा ने शिक्षा का माहौल पूरी तरह से बिगाड़ दिया है। पीडीए समाज के लोगों को शिक्षा से वंचित रखने की ये साज़िशें अब और नहीं चलने वाली।इसी के साथ ही अखिलेश ने लिखा है- भाजपा जाए तो स्कूल खिलखिलाए!

akhilesh yadav

अखिलेश यादव की पोस्ट

जाने क्या है मामला?

 घटना महमूदाबाद विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय नदवा के प्रिंसिपल बृजेंद्र कुमार वर्मा और सीतापुर बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह से जुड़ी है. बताया जा रहा है कि एक विभागीय विवाद को लेकर प्रिंसिपल बीएसए से मिलने के लिए उनके कार्यालय में पहुंचे थे. इसी के बाद कहासुनी हुई और फिर उन्होंने बेल्ट निकाल कर बीएसए पर हमला बोल दिया. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई. तो वहीं इस घटना को लेकर बीएसए ने प्रिंसिपल पर आरोप लगाते हुए बताया कि बृजेंद्र कुमार वर्मा के खिलाफ स्कूल की एक महिला शिक्षिका ने शिकायत दी थी. शिक्षिका ने आरोप लगाया था कि वह उनको परेशान कर रहे हैं. इसके बाद उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था. मंगलवार दोपहर करीब 4 बजे बृजेंद्र कुमार वर्मा स्पष्टीकरण देने बीएसए कार्यालय पहुंचे. इसी दौरान शिकायत को लेकर जब उनको फटकार लगाई तो वह भड़क गए और मुझ पर बेल्ट से हमला बोल दिया. बीएसए ने ये भी आरोप लगाया कि बृजेंद्र कुमार वर्मा ने पहले अपशब्द कहे, फिर कमर से बेल्ट निकाल ली. तो वहीं सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि 22 सेकंड में उन्होंने बीएसए पर तीन बार बेल्ट से वार किया.

बीएसए ने ये भी आरोप लगाया कि उनका फोन भी छीनकर प्रिंसिपल ने तोड़ दिया और सरकारी कागजात फाड़ डाले. इसी दौरान बीच-बचाव करने क्लर्क प्रेम शंकर मौर्या आए तो उनको भी पीटा. फिलहाल पुलिस ने प्रिंसिपल को हिरासत में लिया है तो वहीं BSA ने प्रिंसिपल को तत्काल सस्पेंड कर दिया है.

112 पर फोन कर बुलाई पुलिस

बीएसए ने बताया कि उनके सिर पर बेल्ट का लोहे का कुंंडा लगा, जिससे उन्हें चोटें आईं हैं. वह बोले कि घायल होने के तुरंत बाद ही उन्होंने पुलिस को कॉल करने की कोशिश की लेकिन बृजेंद्र कुमार वर्मा ने फोन छीनकर उसे जमीन पर पटक दिया और तोड़ दिया. क्लर्क प्रेम शंकर मौर्या ने मीडिया को बताया कि “मैंने प्रिंसिपल को रोकने की कोशिश की लेकिन वह नहीं रुके..पूरी घटना इतनी तेजी के साथ घटित हुई कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला.” घटना के बाद कार्यालय में हड़कंप मच गया. इस पर स्टाफ ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस बुलाई. तो वहीं घटना के बाद बीएसए ने जिला अस्पताल में मेडिकल जांच कराई है. सिर पर सूजन और अन्य मामूली चोटें सामने आई है. जिला मजिस्ट्रेट ने तत्काल आरोपी प्रिसिंपल को सस्पेंड करने का आदेश जारी किया.

प्रिंसिपल को भेजा गया जेल

बता दें कि घटना के सम्बंध में पुलिस को सूचना मिलते ही कोतवाली थाने की टीम मौके पर तुरंत पहुंची और आरोपी प्रिंसिपल बृजेंद्र कुमार वर्मा को हिरासत में ले लिया. मुकदमा दर्ज होने के बाद जेल भी भेज दिया गया है. घटना को लेकर इंस्पेक्टर अनूप शुक्ला ने बताया कि “आरोपी प्रिंसिपल को जेल भेज दिया गया है. सीसीटीवी फुटेज को बतौर सबूत जब्त कर लिया गया है. आगे की जांच की जा रही है.” 

 

ये भी पढ़ें-महिला पुलिस टीम ने पहली बार किया एनकाउंटर…गिड़गिड़ाने लगा हिस्ट्रीशीटर; जानें कौन हैं ACP उपासना पांडेय-Video