Heart Attack: सीने में दर्द के बाद RPF जवान की मौत…खबर सुनते ही पिता ने भी दम तोड़ा; परिवार में मचा कोहराम-Video

Share News

Unnao News: कई दिनों से बीमार चल रहे पिता को देखने के लिए मुंबई से उन्नाव स्थित अपने घर आ रहे आरपीएफ जवान का रास्ते में सीने में तेज दर्द उठा और फिर इलाज के दौरान मौत हो गई. इसकी खबर जैसे ही घर पहुंची बेटे की बिछोह न सह पाने के कारण पिता ने भी दम तोड़ दिया. इस खबर के बाद चंद घंटों के भीतर पिता-पुत्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। तो वहीं पूरे गांव में मातम पसर गया.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के गोसाईखेड़ा गांव निवासी 70 वर्षीय रामकुमार का 37 वर्षीय बेटा जितेंद्र आरपीएफ में सिपाही था और वर्तमान समय में वह 12वीं बटालियन मुंबई में तैनात थे। तो वहीं पिता राम कुमार पिछले छह दिन से बीमारी चल रहे थे और उनका इलाज रायबरेली के एम्स में चल रहा था. पिता की बीमारी की खबर लगते ही छुट्टी लेकर जितेंद्र गुरुवार सुबह 10 बजे मुंबई से फ्लाइट पकड़ी और हैदराबाद एयरपोर्ट पहुंचे। इसके बाद यहां से घर जाने के लिए दूसरी फ्लाइट पकड़ने के लिए चले ही थे कि एयरपोर्ट पर ही अचानक उनके सीने में तेज दर्द होने लगा।

इस पर तुरंत ही उनको हैदराबाद के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान जितेंद्र का निधन हो गया. इस दौरान हैदराबाद में रह रहीं उनकी बहन रूपा और रिश्तेदार रतीपाल अपोलो अस्पताल में मौजूद थे. जैसे ही डॉक्टर ने उनको ये दुखद सूचना दी. बहन बेसुध हो गई. तो वहीं आनन-फानन में रतीपाल ने इसकी खबर घर पर दी. जैसे ही राम कुमार ने बेटे की मौत की खबर सुनी. सदमे में उनकी भी जान चली गई। पिता-पुत्र की एक साथ मौत की खबर से घर में कोहराम मच गया। जहां शुक्रवार यानी कल बक्सर घाट पर पिता का अंतिम संस्कार हुआ तो वहीं जवान का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ आज हुआ है.

बता दें कि दिवंगत रामकुमार के तीन बेटों में जितेंद्र दूसरे नंबर के बेटे थे. बड़ा धर्मेंद्र व छोटा बेटा सत्येंद्र के साथ ही परिवार में दो पुत्रियों में रूपा और मुन्नी है। सभी की शादी हो चुकी है। आरपीएफ जवान जितेंद्र की पत्नी पूजा की सेहत इस खबर के बाद से ही खराब हो गई है तो वहीं चार साल का बेटा अपने पिता और दादा को खोने के बाद रो-रो कर बुरा हाल हो गया है.

मालूम हो कि जितेंद्र की माता जी का पहले ही निधन हो चुका है. तो वहीं जितेंद्र घर में एकमात्र कमाने वाले व्यक्ति थे. पूजा बार-बार रो-रो कर कह रही हैं कि बेटे की परवरिश वह कैसे करेंगी. चंद घंटों में परिवार के दो सदस्यों की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है. लोगों का कहना है कि इस तरह का दुखद मंजर पहले कभी नहीं देखा. तो वहीं गांव वालों का कहना है कि अब परिवार पर इस दुख के साथ ही आर्थिक संकट का भी पहाड़ टूट पड़ा है. इस दुख की घड़ी में शासन-प्रशासन से मदद मांगी जा रही है.

ये भी पढ़ें-एम्बुलेंस की छत पर सायरन की धुन पर डांसर के ठुमके…Video वायरल होने के बाद मचा हड़कंप