Varanasi News: काशी में अब नहीं मिलेगा मीट-मांस और मछली…नगर निगम ने नई योजना पर लगाई मुहर
Varanasi News: भोले बाबा की नगरी काशी को शासन-प्रशासन अब पूरी तरह से पवित्र करने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है. दरअसल वाराणसी नगर निगम की सदन बैठक में शहर के अंदर संचालित मीट, मांस और मछली की दुकानों को पूरी तरह से बंद करने का फैसला लिया है. अब ये दुकानें शहर की सीमा से बाहर स्थानांतरित की जाएंगी. इस योजना को मंजूरी दे दी गई है.
टाउनहॉल में आयोजित की गई सदन की बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई. इसके तहत शहर के अंदर नहीं बल्कि शहर की सीमा के बाहर मीट मार्केट को विकसित किया जाएगा. यहीं पर अभी जो शहर के भीतर मीट, मांस और मछली की दुकानें स्थित हैं उनको स्थानांतरित किया जाएगा. इसके तहत प्रथम चरण में रामनगर, सूजाबाद, गणेशपुर, अवलेशपुर और शिवपुर क्षेत्रों को चिह्नित किया गया है. इन जगहों पर आधुनिक सुविधाओं से लैस मीट बाजार विकसित किए जाएंगे.
बैठक में दी गई ये बड़ी जानकारी
नगर आयुक्त ने इस बैठक में सदन के सामने पूरी योजना को विस्तार से बताया. तो वहीं अधिकारियों ने जानकारी दी कि शहर के चारों ओर अलग-अलग स्थानों पर तमाम सुविधाओं से लैस मीट मार्केट को विकसित किया जाएगा. ताकि शहर के भीतर स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके. यातायात जाम की समस्या में भी कमी आएगी. ये फैसला शहर की स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए किया गया है.
मीट कारोबारियों को भी होगी सुविधा
इस योजना को लेकर नगर निगम का मानना है कि इस योजना से न केवल शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्रों में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में सहयोग मिलेगा बल्कि मीट कारोबारियों को भी एक व्यवस्थित और सुविधाजनक बाजार उपलब्ध कराया जाएगा.