Karnataka News: श्रद्धा हत्याकांड जैसा मामला आया सामने, बेटे ने पिता के किए 32 टुकड़े, जानें ये बड़ी वजह
बागलकोट। कर्नाटक के बागलकोट जिले से श्रद्धा हत्याकांड जैसा मामला सामने आ रहा है। हत्या के इस सनसनीखेज मामले ने देश भर को चौंका कर रख दिया है। यहां एक बेटे ने अपने पिता की हत्या करने के बाद शव के 32 टुकड़े कर एक बोरवेल में फेंक दिया। हत्या का खुलासा होने के बाद पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया। पुलिस ने जेसीबी की मदद से बोरवेल को खुदवाकर बॉडी पार्ट्स को बाहर निकाला। पुलिस ने आरोपी बिट्ठल कुलाल को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने मीडिया को बताया कि 6 दिसंबर को बिट्ठल का अपने 54 साल के पिता परशुराम कुलाल से गन्ने के खेत में पानी न डालने के कारण झगड़ा हुआ था। इस दौरान परशुराम ने अपने बेटे की पिटाई भी कर दी थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी बिट्ठल ने अपने पिता के सिर पर लोहे की रॉड मार दी, जिससे परशुराम की मौके पर ही मौत हो गई। फिर विट्टल ने परशुराम के शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर बोरवेल में भर दिया।
इसी के साथ ये भी बात सामने आ रही है कि परशुराम हर दिन नशे की हालत में घर आता था और अपने बेटे विट्ठल (20) की पिटाई करता था। हत्या की ये भी बड़ी वजह बताई जा रही है। बता दें कि हाल ही में दिल्ली से खबर सामने आई थी, जिसमें लिव इन में रह रहे आफताब ने अपनी प्रेमिका श्रद्धा वॉकर की हत्या करने के बाद 35 टुकड़े कर के जंगल में फेंक दिए थे। इस मामले में आरोपी आफताब पूनावाला न्यायायिक हिरासत में चल रहा है।
इस तरह खुला मामला
बोरवेल से दुर्गंध आने के बाद, स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने विट्टल से उनकी भूमिका पर संदेह करते हुए पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने बोरवेल से निकाले गए शव के टुकड़े पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं। (फोटो-सोशल मीडिया)