UP Basic Shiksha: स्कूल के अंदर ही भिड़ गईं प्रधानाध्यापिका और शिक्षामित्र, बाल पकड़ कर हुई जमकर मारपीट, बच्चे बने रहे दर्शक, वायरल हुआ वीडियो

December 25, 2022 by No Comments

Share News

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि परिसर किसी प्राथमिक विद्यालय का है और जमकर दो महिलाएं एक-दूसरे का बाल पकड़ कर मारपीट कर रही हैं। इस बीच दो अन्य महिलाएं बचाने भी आती हैं, लेकिन उनको छुड़ाने में असफल रहती हैं। वहीं इस पूरी लड़ाई को बच्चे देख रहे हैं।

यह वीडिय उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के कासगंज के सहावर के बधारी कलां प्राथमिक विद्यालय का बताया जा रहा है। जानकारी सामने आई है कि दूध वितरण मामले को लेकर यहां की प्रधानाध्यापिका और शिक्षामित्र में जमकर मारपीट हुई। फिलहाल क्या मामला था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आ सकी है, लेकिन ये वीडियो इस बात पर प्रश्न अवश्य खड़ा करता है कि अगर शिक्षक ही इस तरह के होंगे तो भला बच्चों को शिक्षा किस तरह की दे रहे होंगे। बेसिक शिक्षा विभाग के लिए यह एक चिंताजनक प्रश्न हो सकता है।

मीडिया सूत्रों के मुताबिक शनिवार दोपहर के समय प्रधानाध्यापिका बीनेश कुमारी और शिक्षामित्र साधना के बीच आपस में कहासुनी हुई। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि दोनों में जमकर मारपीट होने लगी। काफी देर तक बाल पकड़कर जमकर मारपीट हुई। दोनों एक दूसरे पर काफी आक्रामक होकर चिल्ला रहीं थीं। स्कूल के बच्चे भी सहम गए। आसपास के ग्रामीण भी मौके पर आ गए। दोनों को बमुश्किल एक दूसरे से अलग किया गया। दोनों ही मारपीट में घायल हो गईं। यह घटना गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है। गांववाले कह रहे हैं कि जब शिक्षिकाएं ऐसी होंगी तो भला बच्चों को कैसी शिक्षा देती होंगी। कई परिजन तो बच्चों को स्कूल से हटा लेने की बात भी करते नजर आए।

बीएसए ने दिए जांच के आदेश
जिला बेसिक शिक्षाधिकारी राजीव कुमार को जब प्रधानाध्यापिका और शिक्षामित्र के बीच हुई मारपीट की घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। कासगंज के खंड शिक्षाधिकारी श्रीकांत पटेल, सहावर के खंड शिक्षाधिकारी सचिन यादव की संयुक्त टीम को जांच का जिम्मा सौंपा है।