Gujarat: बेटी का अश्लील वीडियो बनाकर शेयर करने का विरोध करने पर BSF जवान की हत्या, सात आरोपी गिरफ्तार, महिला आयोग की अध्यक्ष ने उठाए सवाल
गुजरात से एक चौंका देने वाली खबर सामने आ रही है। यहां सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक जवान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। उनका कुसूर बस इतना था कि उन्होंने बेटी का अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने का विरोध किया था। इस घटना पर सोशल मीडिया पर जमकर लोग स्थानीय पुलिस प्रशासन को कटघरे में खड़ा कर रहे है। तो वहीं दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष ने भी सवाल उठाए हैं।
घटना खेड़ा जिले के नडियाद शहर की बताई जा रही है। मीडिया सूत्रों के मुताबिक, बीएसएफ जवान ने बेटी का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर डालने का विरोध किया था। बताया जा रहा है कि वीडियो को ऑनलाइन पोस्ट करने वाले 15 वर्षीय लड़के के घर वह विरोध दर्ज कराने गए थे। इस दौरान आरोपी लड़के के परिवार ने उन पर हमला बोल दिया और उनकी लाठी-डंडो से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। कहा ये भी जा रहा है कि हमले के दौरान आरोपियों ने धारदार हथियार का भी प्रयोग किया था।
सूत्रों के मुताबिक, किशोरी और आरोपी लड़का एक ही स्कूल में पढ़ते हैं और दोनों में दोस्ती थी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, बीते शनिवार की रात बीएसएफ जवान अपनी पत्नी, दो बेटों और भांजे के साथ आरोपी लड़के के घर गए थे लेकिन आरोपी के परिवार के सदस्यों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया।
मामले में मृतक जवान की पत्नी ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी के मुताबिक, हाल ही में जवान की 15 वर्षीय बेटी का एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में चकलासी गांव का एक 15 साल का लड़का भी नजर आ रहा है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, यह वही लड़का था जिसने कथित तौर पर वीडियो प्रसारित किया था और बीएसएफ का जवान अपने परिवार के साथ बात करने के लिए उसके घर गए थे, जहां आरोपित लड़के के पिता और दो महिलाओं सहित परिवार के छह अन्य सदस्यों ने जवान और उसके परिवार के सदस्यों को गाली देना शुरू कर दिया। जब जवान ने इसका का विरोध किया तो लड़के के घरवालों ने उस पर और उसके परिवार पर हमला किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में सात लोगों को गिरफ्तार भी कर लिया है। अब उनसे मामले के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
दूसरी ओर इस पूरी घटना को लेकर सोशल मीडिया पर जमकर विरोध हो रहा है और लोग स्थानीय पुलिस प्रशासन पर निशाना साधते हुए कह रहे हैं कि दिन दहाड़े जवान की हत्या हो जाती है और स्थानीय पुलिस प्रशासन कुछ नहीं करता। (फोटो-सोशल मीडिया)