Lucknow Crime: पति बना हैवान, बच्चे न पैदा होने पर पत्नी के प्राइवेट पार्ट पर मारा ब्लेड, हालत गंभीर
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक खौफनाक घटना सामने आई है। यहां एक पति ने पत्नी के प्राइवेट पार्ट पर इसलिए ब्लेड से कई वार किए, क्योंकि उसे बच्चे नहीं हो रहे थे।
बताया जा रहा है कि शादी के छह साल बीत जाने के बाद भी बच्चा नहीं हुआ तो एक महिला का पति हैवान बन गया। उसने पत्नी के प्राइवेट पार्ट पर ब्लेड से कई वार किए। इसके बाद पत्नी को खून से लथपथ छोड़कर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल महिला को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता के भाई की तहरीर पर मोहनलालगंज पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ जानलेवा हमला, दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक मोहनलालगंज इलाके में रहने वाले एक युवक का विवाह छह साल पहले हुआ था। शादी के बाद से उसकी पत्नी को कोई संतान नहीं हुई। महिला के भाई का आरोप है कि संतान न होने के कारण रोज ही बहनोई और उसके घरवाले बहन के साथ मारपीट करते रहते थे। तीन महीने पहले उन्होंने बहन को मारपीट कर घर से निकाल दिया था। उसके बाद से बहन मायके में रह रही थी। पिछले कुछ दिनों से समझौते की बात चल रही थी।
सोमवार को समझौते के बाद बहनोई बहन को विदा कराकर ले गया और उसी के बाद ये खबर सामने आई। बहन चीखपुकार करती रही, लेकिन उसके ससुराल वाले कोई कमरे में नहीं पहुंचा। इस बीच बहनोई फरार हो गया। बहन ने किसी तरह फोन कर सूचना दी। महिला के भाई ने बताया कि सूचना मिलते ही वह और उसके घरवाले पहुंचे। बहन को क्षेत्र स्थित अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां उसकी हालत गंभीर देख उसे सिविल रेफर कर दिया गया। इंस्पेक्टर मोहनलालगंज कुलदीप दुबे ने बताया कि पीड़िता के भाई की तहरीर पर उसके पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश की जा रही है।