Lucknow News: चौंकाने वाला मामला, महिला के थप्पड़ मारने से हुई दुकानदार की मौत
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आ रहा है। यहां के वजीरगंज बासमंडी में टेंपो स्टैंड के पास महिला के थप्पड़ मारने से किराना दुकानदार शरीफ रजा गश खाकर गिर पड़े और फिर उनकी मौत हो गई। घटना के बाद महिला और उसके साथी भाग निकले। पुलिस ने शरीफ रजा की पत्नी की तहरीर पर दोनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बताया जा रहा है कि गोलागंज बर्फखाना के रहने वाले 42 वर्षीय शफीक रजा की वजीरगंज में बासमंडी टेंपो स्टैंड के पास किराने की दुकान है। दुकान में वह कैरम क्लब भी चलाते हैं। सोमवार देर शाम कमरे में कुछ लोग कैरम खेल रहे थे और शफीक रजा दुकान में बैठे थे। शफीक रजा ने इस बीच दुकान के सामने से गुजर रहीं रिवर बैंक कालोनी में रहने वाली शबनम को रोका और फिर उससे उधारी के रुपये मांगे। शफीक रजा के बड़े भाई मो. इस्लाम ने मीडिया को जानकारी दी कि भाई ने 80 हजार रुपये एक साल पहले शबनम को दिए थे, लेकिन कई बार मांगने के बावजूद शबनम टालती रही।
इस बार भी यही हुआ भाई शफीक रजा के द्वारा रुपयों की मांग करते ही शबनम उखड़ गई और वह गाली-गलौज करने लगे। भाई ने जब विरोध किया तो शबनम ने भाई को थप्पड़ मार दिया। यह देख शबनम के साथ मौजूद उसके साथी शफीक ने भाई के सीने पर घूंसे से एक के बाद एक कई प्रहार किए। पिटाई से भाई शफीक रजा औंधे मुंह दुकान के बाहर गिर कर अचेत हो गए। इसके बाद शबनम और उसका साथी शफीक भाग निकला। दुकान के आस पास बैठे लोगों के शोर मचाने पर अंदर कमरे में कैरम खेल रहा ममेरा भाई दानिश भागकर बाहर आया।
वह भाई को आनन फानन साथियों के साथ लेकर बलरामपुर अस्पताल पहुंचा। बलरामपुर में डाक्टरों ने भाई को मृत घोषित कर दिया। भाई की मौत की सूचना पर दुकान के आस पास के रहने वाले लोग भी अस्पताल पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद शफीक की पत्नी कौशर जहां ने वजीरगंज थाने में जाकर शबनम और उसके साथी के खिलाफ तहरीर दी है। इंस्पेक्टर वजीरगंज मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर शबनम और उसके साथी शफीक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों की तलाश में दबिश दी जा रही है।